पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज को आशा भोसले की मौत की खबर दिखाने पर पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी (PEMRA) ने शो-कॉज नोटिस जारी किया है। जियो न्यूज के मैनेजिंग डायरेक्टर अजहर अब्बास ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आइकॉनिक कलाकारों की मौत पर उनके काम को बार-बार दिखाना और उनके गाने दिखाना हमेशा से परंपरा रही है। 

 

उन्होंने कहा कि आशा भोसले जैसी महान गायिका के लिए तो और भी ज्यादा उनके गाने दिखाने चाहिए थे। लेकिन PEMRA ने इसे रोकने की कोशिश की है। आशा भोसले का 12 अप्रैल को मुंबई में 92 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन पर पाकिस्तान और भारत में दोनों देशों से श्रद्धांजलियां दी जा रही हैं। पाकिस्तानी ऐक्टर अहसान खान ने कहा, 'यह एक युग का अंत है।’

 

यह भी पढ़ें: युद्धविराम के बाद सऊदी अरब में अपने फाइटर जेट क्यों तैनात कर रहा पाकिस्तान?

क्या बोले अदनान सिद्दीकी

ऐक्टर अदनान सिद्दीकी ने लिखा, 'उनकी आवाज़ किसी को भी भावनाओं से भर देती थी। आज वही सन्नाटा बहुत भारी लग रहा है। आपने जो यादें पैदा की हैं और जो जादू छोड़ा है, उसके लिए धन्यवाद। आपकी आवाज़ हमेशा कहीं न कहीं सुनाई देती रहेगी।’

PEMRA ने दिया नोटिस

PEMRA ने रविवार को जियो न्यूज को नोटिस दिया। इसमें कहा गया कि चैनल ने आशा भोसले की खबर के साथ भारतीय गाने और भारतीय फिल्मों के दृश्य दिखाए, जो 2018 के पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लंघन है। उस फैसले में भारतीय कंटेंट दिखाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी।

 

नोटिस में कहा गया कि यह PEMRA कानून की धारा 20(f) का उल्लंघन है। चैनल को 14 दिनों में लिखित जवाब देना होगा कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों न की जाए। साथ ही जियो न्यूज के सीईओ मीर इब्राहिम रहमान को 27 अप्रैल को PEMRA के सामने पेश होने के लिए बुलाया गया है।

पाकिस्तान में हो रही आलोचना

PEMRA के इस कदम की पाकिस्तान में काफी आलोचना हो रही है। पाकिस्तानी पत्रकार घरिदा फारूकी ने लिखा, 'कला और संस्कृति की कोई सीमा नहीं होती। इन्हें बांधा नहीं जा सकता।’


यह भी पढ़ें: ईरान को मिला धोखा? पाकिस्तान में बातचीत की आड़ में बन रहा वेनेजुएला वाला प्लान

 

एक और पत्रकार रऊफ क्लासरा ने कहा, 'कृपया हमें जनरल जिया-उल-हक के 80 के दशक में वापस न ले जाएं। तब VCR और फिल्म रखना भी अपराध था। अब नेटफ्लिक्स और AI का जमाना है। हमें दुनिया के सामने बेवकूफ साबित न करें।’