बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने भारी बहुमत हासिल कर लिया है। 2024 में हुए विरोध प्रदर्शनों और हिंसा के बाद यह अहम चुनाव था और भारत समेत पूरी दुनिया की नजर इस चुनाव पर थी। शेख हसीना के बाद अब बांग्लादेश में तारिक रहमान का दौर शुरू होने वाला है। तारिक रहमान और उनकी पार्टी को इस जीत पर पीएम मोदी समेत भारत के तमाम दिग्गज बधाई दे रहे हैं। 

 

पीएम मोदी ने इन नतीजों पर अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'मैं बांग्लादेश चुनावों में BNP को बड़ी जीत दिलाने के लिए मिस्टर तारिक रहमान को दिल से बधाई देता हूं। यह जीत बांग्लादेश के लोगों का आपके लीडरशिप पर भरोसा दिखाती है। भारत एक डेमोक्रेटिक, प्रोग्रेसिव और सबको साथ लेकर चलने वाले बांग्लादेश के सपोर्ट में खड़ा रहेगा। मैं हमारे कई तरह के रिश्तों को मजबूत करने और हमारे कॉमन डेवलपमेंट गोल्स को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ काम करने का इंतजार कर रहा हूं।'

 

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में BNP को बहुमत, तारिक रहमान अगले PM? जमात का बुरा हाल

विदेश मंत्री ने पीएम के पोस्ट को रिपोस्ट किया

पीएम मोदी के साथ-साथ भारत में तमाम नेता बांग्लादेश में हो रहे इस परिवर्तन के लिए तारिक रहमान और उनकी पार्टी को बधाई दे रहे हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पीएम मोदी के ट्वीट को रिपोस्ट कर तारिक रहमान को बधाई दी। एक तरफ बीएपी की जीत पर भारत से लोग बधाई दे रहे हैं वहीं, बांग्लादेश में इस जीत पर कोई जश्न में रैली नहीं होगी। इसके बजाय शुक्रवार को विशेष नमाज पढ़ने की अपील की गई है।

 

कांग्रेस ने भी दी बधाई

भारत की प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस पार्टी ने भी बांग्लादेश चुनाव जीत में बीएनपी को बधाई दी है।  कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पर लिखा, ' इंडियन नेशनल कांग्रेस की तरफ से, मैं बांग्लादेश में संसदीय चुनाव जीतने के लिए तारिक रहमान और BNP को बधाई देता हूं। भारत और बांग्लादेश के बीच इतिहास, भाषा, संस्कृति और कई दूसरे एक समान रिश्ते हैं। हमारे इलाके की स्थिरता और शांति के लिए सभी भारतीय हमेशा एक डेमोक्रेटिक, प्रोग्रेसिव और सबको साथ लेकर चलने वाले बांग्लादेश का सपोर्ट करेंगे।'

 

200 पार पहुंची बीएनपी

बीएनपी ने 300 सदस्यीय संसद में 209 सीटें जीत ली हैं यानी पार्टी को दो-तिहाई बहुमत मिल गया है। बीएनपी अब अकेले अपने दम पर सरकार बना सकती है। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदाय जिया के बेटे तारिक रहमान अब बांग्लादेश के अगले पीएम बनने वाले हैं। वह करीब 17 साल तक निर्वासन के बाद हाल ही में बांग्लादेश लौटे थे। 

 

बीएनपी की मुख्य प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी और उसके गठबंधन को इस चुनाव में करारी हार मिली है। गठबंधन को सिर्फ 68 सीटें मिली हैं। इससे पहले लंबे समय तक सत्ता में रह चुकीं शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था। इसके साथ ही नई पार्टी नेशनल सिटिजन पार्टी ने 30 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे 5 सीटों पर जीत मिली है। 

भारत में क्या बोले लोग?

बांग्लादेश में 2024 में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद से भारत और बांग्लादेश दोनों देशों के रिश्ते खराब हुए थे। शेख हसीना निर्वासन में भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश और भारत के बीच अब कई मुद्दों पर विवाद चल रहा है। बात यहां तक पहुंच गई है कि बांग्लादेशी क्रिकेट टीम ने भारत में क्रिकेट खेलने से भी मना कर दिया और बांग्लादेशी खिलाड़ियों की आईपीएल जैसी टूर्नामेंट में भी नो एंट्री है। ऐसे समय में सत्ता परिवर्तन से भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में परिवर्तन की भी उम्मीद है। 

 

 

पीएम मोदी की पोस्ट पर लोगों ने इन चुनावी नतीजों पर अपनी राय भी रखी। एक व्यक्ति ने लिखा कि नई सरकार के गठन से बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार कम होने चाहिए और पीएम मोदी को इसके लिए तारिक रहमान से बात करनी चाहिए। 

 

यह भी पढ़ें: जेल में बंद इमरान खान हो सकते हैं अंधे! चली गई 85% आंखों की रोशनी?

 

एक अन्य व्यक्ति ने लिखा कि विदेश नीति में कोई पर्मानेंट दुश्मन नहीं होता। पीएम मोदी का संदेश दिखाता है कि भारत अब हसीना के दौर से आगे बढ़ चुका है। हालांकि, कुछ लोगों ने लिखा कि बधाई देना तो आसान है लेकिन बांग्लादेश की नई सरकार के साथ रिश्ते बनाना मुश्किल होगा।