नए साल के पहले दिन स्विट्जरलैंड के क्रान्स-मोंटाना में आग ने भीषण तबाही मचाई। यहां एक स्की-रिसॉर्ट में लगी भीषण आग में अब तक 40 लोगों की जान जा चुकी हैं। वहीं 100 से अधिक लोग झुलसे हैं। मृतकों में अधिकांश लोग 16 से 26 साल के हैं। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और हवाई यातायात भी रोक दिया गया है। स्विट्जरलैंड में लगी इस भीषण आग की घटना पर अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन समेत कई देशों ने दुख व्यक्त किया। उधर, स्विट्जरलैंड सरकार ने क्रान्स-मोंटाना में आतिशबाजी पर रोक लगा दी, ताकि कोई अप्रिय घटना से बचा जा सके।
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गय पार्मेलिन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'क्रान्स-मोंटाना में साल का पहला दिन खुशी के अवसर से दुख की घड़ी में बदल गया। यह घटना पूरे देश और उससे कहीं आगे तक को प्रभावित करती है। इस भयानक त्रासदी के बारे में सुनकर संघीय परिषद को गहरा सदमा लगा। बता दें कि एक जनवरी को ही राष्ट्रपति के तौर पर पार्मेलिन की पहली वर्षगांठ थी।'
यह भी पढ़ें: 'मैंने उस्मान हादी को 5 लाख का चंदा दिया', हत्या के आरोपी ने क्या-क्या बताया?
एक बयान में स्विस पुलिस के हवाले से इटली के विदेश मंत्रालय ने बताया कि अग्निकांड में करीब 40 लोगों की जान गई है। बुरी तरह जलने के कारण कई लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं स्विट्जरलैंड स्थित ब्रिटेन दूतावास ने दावा, 'मृतकों में कई देशों के नागरिक शामिल है।' अब भी कई लोग अपनों की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। अधिक जलने की वजह से शवों की पहचान नहीं हो पा रही है। उधर, वैलिस राज्य परिषद ने आपातकाल की घोषणा कर दी है।
भीषण आग के बारे में अब तक क्या पता चला?
- स्विट्जरलैंड के स्की रिसॉर्ट के ले कॉन्स्टेलेशन बार में लगी आग
- अब तक 40 से ज्यादा मौतें और 100 से अधिक लोग झुलसे
- स्थानीय अस्पताल में लोगों को भर्ती करने की जगह नहीं बची
- शुरुआती जांच में मोमबत्ती से छत में लगी आग भड़की
- राहत कार्य में 10 हेलीकॉप्टर, 40 एंबलेंस और 150 कर्मचारी जुटे
- वैलिस के अस्पताल में जगह नहीं, इटली भेजे जा रहे झुलसे लोग
कहां और कब लगी आग?
यह भीषण आग स्विट्जरलैंड के क्रान्स मोंटाना स्थित लग्जरी स्की रिसॉर्ट के बीचोबीच स्थित ले कॉन्स्टेलेशन बार में लगी। इस बार में करीब 300 लोगों के बैठने की क्षमता है। इसके अलावा 40 लोगों के लिए टेरेस स्पेस भी है। ले कॉन्स्टेलेशन एक कैफे है। यह दिन में पेस्ट्री और कॉफी बेचता है। यहां दो बार भी हैं। पुलिस के मुताबिक नए साल के पहले दिन रात में करीब डेढ़ बजे कॉन्स्टेलेशन बार में आग लगी। यह जगह फ्रांस और इटली के सीमा के करीब है। एक आंकड़े के मुताबिक क्रान्स-मोंटाना में हर साल 30 लाख पर्यटक आते हैं। इनमें करीब 20 फीसद विदेशी पर्यटक होते हैं।
बार में कैसे लगी भीषण आग?
पहले हमले की आंशका जताई गई। मगर अधिकारियों ने अब इसे खारिज कर दिया है। बार में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक शैंपेन की बोतल के ऊपर जन्मदिन की मोमबत्ती जल रही थी। इसी मोमबत्ती से आग छत में लगी और देखते ही देखते भीषण रूप धारण कर लिया। स्विट्जरलैंड के अधिकारियों का कहना है कि कई लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। स्थानीय अस्पताल पूरी तरह से भर चुके हैं। इस बीच क्रान्स-मोंटाना स्थित ले कॉन्स्टेलेशन बार का एक वीडियो सामने आया है। इसमें बार की छत पर आग लगी दिख रही है।
यह भी पढ़ें: तनाव के बीच भारत-PAK ने क्यों दी एक-दूसरे को अपने परमाणु ठिकानों की जानकारी?
फ्रांस: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अग्निकांड पर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों और घायलों के साथ हैं। स्विट्जरलैंड, वहां के लोगों और अधिकारियों के प्रति मैं फ्रांस के पूर्ण एकजुटता और भाईचारे का समर्थन व्यक्त करता हूं।' बता दें कि इस आग में फ्रांस के दो लोग भी झुलसे हैं।
इटली: इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही हैं, ताकि पता चल सके कि क्या कोई इतालवी नागरिक तो हताहत नहीं हुआ है। उधर, इटली के विदेश मंत्री ने मिलान में एक अस्पताल की बर्न यूनिट को अलर्ट कर दिया है।
अमेरिका: स्विट्जरलैंड में स्थित अमेरिकी दूतावास ने भी इस अग्निकांड पर गहरा दुख प्रकट किया। अपने बयान में अमेरिकी दूतावास ने कहा, 'हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों और घायलों के परिजनों के साथ हैं। अमेरिकी दूतावास स्विस अधिकारियों के संपर्क में है।
