ब्रिटेन आज दुष्कर्म और यौन शोषण की घटनाओं से जूझ रहा है। यूरोप में दुष्कर्म रिपोर्ट की सबसे अधिक दर ब्रिटेन में देखने को मिली है। ब्रिटेन के बाद रेप के सबसे अधिक मामले स्वीडन में दर्ज किए गए हैं। सबसे निचले पायदान पर बुल्गारिया है। यहां एक लाख लोगों में 1.42 रेप के मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि ब्रिटेन में यह दर प्रति लाख 109.06 है। मतलब यह हुआ कि ब्रिटेन में एक लाख लोगों में 109 से अधिक महिलाओं को दुष्कर्म का सामना करना पड़ रहा है। स्वीडन में दुष्कर्म की दर प्रति लाख 85.90 और आइसलैंड में 68.70 है।
यह रिपोर्ट विश्व जनसंख्या समीक्षा से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई है। उधर, Statista की रिपोर्ट के मुताबिक 2012-13 के बाद से इंग्लैंड और वेल्स में दुष्कर्म के मामलों में काफी तेजी देखने को मिली है। 2012-13 में दुष्कर्म के 16,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए थे। वहीं 2024-25 में यह आंकड़ा बढ़कर 71,667 तक पहुंच गया है। अगर मौजूदा आंकड़ों की तुलना 2002-03 से करें तो इंग्लैंड और वेल्स में पुलिस में दर्ज दुष्कर्म के मामलों में छह गुना की वृद्धि हुई है।
यह भी पढ़ें: तुर्की को घेरने का बड़ा प्लान, इजरायल 3 देशों के साथ कौन सी सेना बना रहा?
स्कॉटलैंड में 2002-03 924 दुष्कर्म के केस दर्ज किए गए। करीब 20 साल बाद 2022-23 में यह आंकड़ा 2,897 तक पहुंच गया। नॉर्थ आयरलैंड में 2002-03 में यौन अपराध के 1,438 मामले थे। 2023-24 में 4,090 केस रिकॉर्ड किए गए।
6 में से एक बच्चा यौन शोषण का शिकार
रेप क्राइसिस इंग्लैंड और वेल्स के आंकड़ों के मुताबिक 4 में से एक महिला 16 से कम उम्र से दुष्कर्म या यौन उत्पीड़न की शिकार है। छह में से एक बच्चा यौन शोषण का शिकार है। वहीं हर 18 में से एक पुरुष भी 16 साल की उम्र से इसी चीज का सामना कर रहा है।
महिला और पुरुष छिपा लेते हैं मामले
2024 में पुलिस ने दुष्कर्म के 71,227 केस दर्ज किए थे। हर पांच में से 2 मामलों में आरोपी महिला का मौजूदा या पूर्व साथी था। 91 फीसद मामलों में अपराधी 18 साल से अधिक उम्र के पुरुष थे। हर सात में छह महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटना को किसी परिचित ने ही अंजाम दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक दुष्कर्म का शिकार होने वाली 6 में से 5 महिलाएं घटना की रिपोर्ट नहीं करती हैं। वहीं 8 में से 7 पुरुष भी ऐसा ही करते हैं। मार्च 2025 तक 63 लाख से अधिक महिलाएं 16 साल की उम्र से दुष्कर्म या यौन शोषण की पीड़ित रही हैं।
सोशल मीडिया पर ब्रिटेन के दुष्कर्म आंकड़ों की क्यों चर्चा?
सोशल मीडिया पर रिस्टोर ब्रिटेन के हवाले से एक पोस्ट वायरल है। इसमें विश्व जनसंख्या समीक्षा से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार यूरोपीय देशों की तुलना की गई है। जिसमें बताया गया कि प्रति लाख 109 दुष्कर्म के मामलों के साथ ब्रिटेन टॉप पर है। 85.90 के साथ स्वीडन दूसरे, 68.70 के साथ आइसलैंड तीसरे और 59.00 के साथ फ्रांस चौथे स्थान पर है।
अगर सबसे कम दुष्कर्म की दर बुल्गारिया में 1.42 रिकॉर्ड की गई। पोलैंड में भी प्रति लाख 1.48 रेप केस रिकॉर्ड किए गए। इसके अलावा स्लोवाकिया में 1.90, अल्बानिया में 2.01, लिथुआनिया में 2.44, ग्रीस में 3.21, स्पेन में 4.51, पुर्तगाल में 5.05, हंगरी में 5.89, माल्टा में 7.31, क्रोशिया में 8.86 और स्विट्जरलैंड में यह आंकड़ा 9.92 रहा।
क्या अन्य देशों से तुलना करना सही?
दुष्कर्म के आंकड़ों के मामले में एक देश की तुलना दूसरे से करना मुनासिब नहीं है। दरअसल, कुछ देशों में महिला सुरक्षा से जुड़े मजबूत उपाय होते हैं। वहां बलात्कार की व्यापक परिभाषा का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में जिन देशों में दुष्कर्म की मामूली परिभाषा तय होती है, उन देशों की तुलना में कड़े उपाय वालों देशों में दुष्कर्म की दर अधिक दिखेगी। मगर वास्तविकता इसके उलट होती है। कुछ देशों में दुष्कर्म की रिपोर्टिंग कम होती है। इसका मतलब यह नहीं है कि वहां दुष्कर्म के मामले होते ही नहीं है।
यह भी पढ़ें: क्यों तेजी से घट रही कनाडा की जनसंख्या, विदेशी छात्रों से क्या कनेक्शन?
ब्रिटेन में क्यों बढ़ रहे दुष्कर्म के केस?
कुछ लोगों का मानना है कि पुलिस की बेहतर रिपोर्टिंग, मीट टू अभियान और पीड़ितों के सामने आने के कारण ब्रिटेन में दुष्कर्म का मामले यूरोप के अन्य देशों की तुलना में अधिक सामने आए हैं। हाल ही में ब्रिटेन में पाकिस्तान ग्रूमिंग गैंग का मुद्दा उठाया। मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं के बाद राष्ट्रीय पटल पर बहस छिड़ी। जनता की नाराजगी के बाद पुलिस और सरकार पर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का दबाव बना। इस कारण दुष्कर्म के अधिक मामले सामने आ रहे हैं।
