सेहतमंद रहते हुए लंबी उम्र की चाहत लगभग हर किसी की होती है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तन और मन का स्वस्थ होना बहुत जरूरी है। आज के समय में हम देखते हैं कि लोग 40 की उम्र में ही गंभीर रोगों की वजह से बहुत परेशानियों में होते हैं। कम उम्र में ही लोगों को कई बीमारियां अपनी चपेट में ले लेती हैं। इसका कारण खराब जीवनशैली और गलत खान-पान भी हो सकता है। अगर आप अपने जीवन में अच्छी डाइट को कम उम्र में ही शामिल कर लें तो आप गंभीर बीमारियों से बच सकते हैं। साथ ही आपको एक स्वस्थ और लंबा जीवन जीने में मदद मिल सकती है। लोगों को स्वस्थ रखने और गंभीर बीमारियों से बचाने को लेकर जागरूक करने के लिए हर साल 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस भी मनाया जाता है। 

 

सेहतमंद रहने के लिए स्वस्थ आहार, व्यायाम और स्वस्थ आदतों का पालन करने की भी जरूरत है। ये अच्छी आदतें हमारे जीवन में बहुत बदलाव करती हैं और स्वस्थ जीवन जीने में भी मदद करती हैं। स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कई शारीरिक समस्याओं से भी बचा जा सकता है। इसके अलावा आप मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहते हैं और आप अपने जीवन में खुश रह सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि हम अपनी लाइफस्टाइल और खानपान में कुछ ऐसे तरीके अपनाएं, जिससे स्वस्थ्य रहकर लंबा जीवन जी पाएं। आइए जानते हैं कि लंबी उम्र तक जीने के लिए आपको कौन-सी आदतें अपनानी चाहिए।

क्या-क्या करना है?

 

नियमित रूप से व्यायाम- स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से व्यायाम करना चाहिए। ऐसा करने से शरीर को मजबूती मिलती है और बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। यह डाइबिटीज और कैंसर जैसी बीमारियों के खतरे को कम करता है। व्यायाम एंटीऑक्सीडेंट सुरक्षा प्रदान करता है जो हमारी त्वचा की रक्षा कर सकता है।

 

संतुलित आहार- संतुलित आहार हमारे शरीर के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह हमें आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करता है। संतुलित आहार में फल, सब्जियां, अनाज, प्रोटीन और स्वस्थ वसा शामिल होने चाहिए। अच्छी डाइट को अपने खानपान में शामिल करने से शरीर को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं और आप लंबा और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। यह हमारे शरीर को एनर्जी प्रदान करता है और शरीर को मजबूत बनाता है।

 

पर्याप्त नींद- पर्याप्त नींद लेने से शरीर को आराम मिलता है और बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। वयस्कों को प्रतिदिन 7-8 घंटे की नींद लेनी चाहिए। नींद आपके मूड को भी बदलता है। नींद न लेने से आप चिड़चिड़े बन जाते हैं और जिससे आपका दिमाग शांत नहीं रह सकता। पूरी नींद लेने से आपका मूड बहुत अच्छा और खुशनुमा रहता है और आप सभी चीज़ों को शांति से मैनेज कर पाते हैं।

 

एक्टिव रहें- अगर आप स्वस्थ रहना चाहते हैं तो लिफ्ट लेने के बजाय सीढ़ियां चढ़ें। इससे आपका शरीर फिट और सक्रिय रह सकता है। वीकेंड पर आप अपने दोस्तों के साथ ट्रेकिंग पर भी जा सकते हैं। एक्टिव रहने से शरीर में एंडॉर्फिन हार्मोन रिलीज होता है। जो खुश महसूस कराता है और इससे तनाव और चिंता कम होती है। जिससे आप सेहतमंद और लंबा जीवन जी सकते हैं। 

 

तनाव- हम अक्सर कुछ अच्छा होने की उम्मीद करते हैं लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है तो हम तनाव महसूस करते हैं। इससे स्वास्थ्य खराब होता है  इसलिए तनाव को कम करने से शरीर को आराम मिलता है और बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। तनाव को कम करने के लिए योग, ध्यान और व्यायाम जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया जा सकता है।

 

नियमित स्वास्थ्य जांच- नियमित स्वास्थ्य जांच करने से बीमारियों का पता लगाया जा सकता है और उनका इलाज किया जा सकता है इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने से शरीर में बीपी, डाइबिटीज और कोलेस्ट्रॉल जैसी जांच शामिल होनी चाहिए। जिससे बिना किसी डर से स्वस्थ और लंबा जीवन जी सकते हैं।