उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी का सितम जारी है। कई राज्यों में मौसम विभाग ने शीतलहर का अलर्ट जारी किया है तो पंजाब से लेकर बिहार तक कोहरे के कारण लोग परेशान हैं। दिसंबर के आखिरी 2-3 दिनों में अब सर्दी का सितम और ज्यादा बढ़ गया है। एक तरफ मैदानी इलाकों में कोहरा छाया हुआ है तो पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो चुका है।  दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने बिहार, यूपी, पंजाब-हरियाणा के साथ-साथ चंडीगढ़ और असम-मेघालय सहित कई राज्यों के लिए सर्दी का अलर्ट जारी किया है। 

 

दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे सकता है। दिल्ली में मौसम पहाड़ों पर बदल रहे मौसम के कारण प्रभावित हो सकता है। हालांकि, अभी बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में शीतलहर के के कारण बढ़ रही है। 28 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसार जताए जा रहे हैं। शनिवार और रविवार को धूप के कारण मौसम सुहाना हो सकता है। दिल्ली वालों पर कड़ाके की ठंडी के साथ-साथ प्रदूषण की भी मार पड़ रही है। कई जगहों पर AQI 400 के पास पहुंच गया है। इसके कारण लोग परेशान हैं। 

 

यह भी पढ़ें-- सजा निलंबित, कुछ शर्तें भी लगाईं; कुलदीप सिंह सेंगर को HC से क्यों मिली राहत?

 

उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी लगातार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने घने कोहरे के छाने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पूरे उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण रेड अलर्ट जारी किया है। तापमान में लगातार उतार चढ़ाव जारी है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार की शाम जारी रिपोर्ट के अनुसार, मेरठ में सबसे ज्यादा ठंडी रात दर्ज की गई। 

 

 

बिहार में शीतलहर का कहर

बिहार में ठंड का सितम लगातार जारी है। शीतलहर के प्रकोप के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बहुत घने कोहरे के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को बिहार में शीतलहर का प्रकोप रहा और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और जहानाबाद जिलों में घने से बहुत घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। न्यूनतम तापमान भी लगातार कम हो रहा है, जिसके कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। 

इन राज्यों में भी ठंड का सितम

हरियाणा में भीषण ठंड और कोहरे के कारण आम जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग के अनुसार, अंबाला में 8.6 डिग्री, हिसार में 6 डिग्री, करनाल में 7 डिग्री, रोहतक में 7.2 डिग्री, भिवानी में 7.2 डिग्री, सिरसा में 8.2 और नारनौल में 5.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास न्यूनतम तापमान हो सकता है। शनिवार और रविवार को अधिकतर जिलों में शीतलहर के कारण तापमान गिरेगा और सर्दी का सितम बढ़ेगा। वहीं, ज्यादातर हिस्सों में कोहरे के कारण ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित होगी। 

 

पंजाब के ज्यादातर जिलों में घना कोहरा छाया नजर आ रहा है और शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री, पटियाला में 7.6 डिग्री अमृतसर में 8.3 डिग्री, लुधियाना 8, सेल्सियस, पठानकोट में 6 डिग्री, बठिंडा में 8 डिग्री, फरीदकोट में 8.1 और गुरदासपुर 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। अगर मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, इस साल के आखिरी दिन तापमान में गिरावट दर्ज किया गया तो तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी। 

 

यह भी पढ़ें-- ब्रिटेन में बैठकर रच रहा था साजिश, अब आजमगढ़ के मौलाना के खिलाफ ED करेगी जांच

 

राजस्थान में भी शीतलहर और कोहरे की दोहरी मार पड़ रही है। जयपुर मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में सबसे कम न्यूनतम तापमान करौली में 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान बाड़मेर में 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता। झारखंड मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक राज्य के करीब 12 जिलों में शीत लहर प्रभाव रहेगा, जिससे कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा।

पहाड़ों पर बर्फबारी 

कश्मीर में 'चिल्लई कलां' के चलते मौसम में काफी बदलाव आया है। कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने 29 दिसंबर को ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी और 30 दिसंबर से एक जनवरी तक मैदानी इलाकों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। 40 दिन लंबे 'चिल्लई कलां' के दौरान मौसम में उतार चढ़ाव और बारिश-बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।  इसी तरह हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना हो सकती है लेकिन हिमाचल की राजधानी शिमला में अभी भी बर्फबारी का इंतजार है।