अप्रैल के महीने में आमतौर पर गर्मी के कारण लोग परेशान होते हैं लेकिन इस साल तापमान सामान्य से काफी कम है। आमतौर पर जहां इस महीने लोग पंखे और कूलर का सहारा लेने लगते हैं वहीं, इस साल अभी कंबल छोड़ने की हिम्मत नहीं हो रही है। लगातार बारिश के कारण यह परिवर्तन आया है। अप्रैल के महीने में भी देश के अलग-अलग राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है लेकिन उत्तर भारत में अब मौसम साफ होने लगा है।  मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही रहेगी, लेकिन हवा की गति धीमी हो सकती है और सिर्फ बौछार पड़ने की संभावना है। 

 

दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहां अब मौसम साफ है। तापमान सामान्य से कम बना हुआ है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। अगले एक सप्ताह तक आसमान में हल्के बादलों के बीच सूरज की लुकाछिपी जारी रहने की संभावना जताई गई है। दिन के समय धूप रहेगी लेकिन बादलों की आवाजाही के कारण तापमान कंट्रोल में रहेगा। इसके साथ ही सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास भी रहेगा। 

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा सरकार ने दो अधिकारियों पर गिराई गाज, क्या है IAS के निलंबन की प्रक्रिया?

 

उत्तर प्रदेश में मौसम

उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजजा नर्म पड़ने लगा है। बारिश के कारण तापमान कम है जिससे लोगों को राहत मिली है। सुबह और शाम लोगों को सर्दी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों तक राज्य के अधिकांश जिलों में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही जारी रहने की संभावना है। इस दौरान बादलों की गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बौछारें गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ हिस्सों में ओले गिरने की संभावना भी जताई है। 

बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

बिहार में पिछले कई दिनों से आंधी-बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 अप्रैल को भी राज्य में 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज  अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज जिलों में बारिश हो सकती है। 

 

पहाड़ी राज्यों का मौसम

पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से पहाड़ों पर भी मौसम थोड़ा नर्म पड़ेगा। हालांकि, अगले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शिमला, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू के ऊंचाई वाले भागों पर बर्फबारी और बारिश हो सकती है। 

 

उत्तराखंड की बात करें तो यहां भी हिमाचल के जैसा ही मौसम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई ऊंचाई वाले हिस्सों पर बारिश के साथ बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 अप्रैल को राज्य में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 10 अप्रैल को बारिश और बर्फबारी के बीच तापमान गिर सकता है।

 

जम्मू-कश्मीर के कई हिस्से मौसम से प्रभावित हैं। श्रीनगर समेत घाटी के कई हिस्सों पर बारिश एवं बर्फबारी से सर्दी का एहसास हो रहा है। आज भी मौसम की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 

 

यह भी पढ़ें: काशी में होता है संगीत का संगम, संकटमोचन मंदिर का समारोह इतना खास क्यों है?

अन्य राज्यों का हाल

अन्य राज्यों की बात करें तो पूर्वोत्तर के राज्यों में आज मौसम की मार देखने को मिल सकती है। ओडिशा, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों  तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में भी आज और कल बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के ज्यादातर राज्यों में आज मौसम खराब रहने की संभावना है। ो