उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहा है, खासकर दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्मी से लोग बेहाल हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत पूरे उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में तापमान लगातार ऊंचाई पर बना हुआ है। हर तरफ लोग राहत देने वाली बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार (14 जून) को दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में लू चलने, धूल भरी आंधी उठने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इसके मद्देनज़र दो दिनों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। वहीं, 13 जून को राजधानी दिल्ली में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, इस दिन गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से) चलने और हल्की बारिश के कारण कुछ हद तक गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने इस दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
14 जून से तापमान में गिरावट की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री रह सकता है। हालांकि बारिश की आशंका जताई गई है, लेकिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 15 से 18 जून तक मौसम स्थिर बना रह सकता है। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: एहसान के तौर पर की गई राजा की हत्या, पुलिस का बड़ा खुलासा
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 12 से 18 जून के इस हफ्ते मॉनसून मध्य और पूर्वी भारत के बचे हुए हिस्सों में पहुंच सकता है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में भी मॉनसून दस्तक दे सकता है।
19 से 25 जून के दौरान मॉनसून उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में फैलने की संभावना है। यानि, आने वाले दो हफ्तों में मॉनसून देश के और बड़े हिस्से में पहुंच जाएगा और बारिश बढ़ेगी।
दक्षिण भारत का क्या हाल
केरल, माहे, कर्नाटक और लक्षद्वीप में अगले 7 दिनों तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 12 और 13 जून को बारिश हो सकती है। तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में भी 12 से 16 जून तक बारिश के आसार हैं। 14 से 16 जून के बीच केरल और माहे, और 12 से 16 जून तक आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और कर्नाटक के कई हिस्सों में तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: 'जब मैं उठा तो डर गया', प्लेन क्रैश में बचे शख्स ने क्या बताया?
पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों का मौसम कैसा रहेगा?
12 से 16 जून के बीच मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। गुजरात में 12 से 15 जून के दौरान गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार कभी-कभी 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है। कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 12 से 14 जून के बीच तेज आंधी आ सकती है, जिसमें हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। 14 और 15 जून को मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वी और मध्य भारत का जानें हाल
12 से 18 जून के बीच बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक और तेज़ हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। कई जगहों पर हवाएं 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
यह भी पढ़ें: मृतकों के परिवारों को 1-1 करोड़, क्षतिग्रस्त इमारत बनवाएगा टाटा ग्रुप
कब और कहां हो सकती है भारी बारिश
- ओडिशा: 12-18 जून तक भारी बारिश, 16 जून को बहुत भारी बारिश संभव।
- मध्य प्रदेश: 15-18 जून तक भारी बारिश।
- विदर्भ: 14-18 जून तक भारी बारिश।
- छत्तीसगढ़: 14-18 जून तक बारिश।
- बिहार और झारखंड: 14 और 18 जून को कुछ जगह तेज़ आंधी-तूफान के आसार।
- पश्चिम बंगाल और सिक्किम: 13-15 जून को भारी बारिश, 14 जून को बहुत भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम का हाल
उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान में 12 से 18 जून के बीच कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ में तेज़ गरज, बिजली कड़कने और 40-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं। उत्तराखंड में कई जगह भारी बारिश की भी संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 14 से 18 जून के बीच धूल भरी आंधियां चल सकती हैं।
यह भी पढ़ें; अहमदाबाद में प्लेन क्रैश के बाद दिल्ली में ट्रेन हादसा! कोई हताहत नहीं
पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट
अगले 7 दिनों तक पूर्वोत्तर भारत में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ ही आंधी-तूफान और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश में 14 से 18 जून तक भारी बारिश के आसार हैं और 18 जून को बहुत भारी बारिश हो सकती है असम और मेघालय में 12 से 18 जून तक भारी बारिश, जबकि 16 से 18 जून के बीच बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।