logo

ट्रेंडिंग:

'जब मैं उठा तो डर गया', प्लेन क्रैश में बचे शख्स ने क्या बताया?

अहमदाबाद विमान हादसे में जहां एक एक ओर त्रासदी तो दूसरी तरफ एक चमत्कार देखने को मिला। विमान में सवार एक यात्री जिंदा बच निकलने में सफल रहा। उसने पूरा मंजर बयां किया।

Ahmedabad Plane Crash.

विमान हादसे में जिंदा बचा शख्स। (Photo credit: Social Media)

गुजरात के अहमदाबाद में हुए भयानक विमान हादसे से पूरा देश सदमे में है। अभी तक कितने लोगों की जान गई है, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन इस बीच एक चमत्कार देखने को मिला है। भीषण विमान हादसे में एक यात्री जीवित बच निकलने में कामयाब रहा। अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। यात्री विमान की सीट संख्या 11A पर यात्रा कर रहा था। उसकी पहचान 40 वर्षीय रमेश कुमार विश्वास के तौर पर हुई है। यात्री ने बताया कि उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद ही विमान जोरदार धमाके के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 

 

अहमदाबाद से एयर इंडिया का विमान चालक दल समेत कुल 242 लोगों के साथ लंदन के गैटविक जा रहा था। टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही विमान बीजे मेडिकल कॉलेज की छात्रावास पर जा गिरा। विमान के गिरते ही आसमान में आग का गोला दिखाई दिया। एयर इंडिया के मुताबिक विमान में कुल 230 यात्री थे। इनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक सवार थे।

 

जरूरी सूचना: एयर इंडिया ने अपना हॉटलाइन नंबर भी जारी किया है, जिससे जानकारी जुटाई जा सकती है। अगर आपका कोई परिचित या परिजन इस फ्लाइट में हो सकता है तो आप 1800569144 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, 011-24610843 और 9650391859 पर भी फोन किया जा सकता है।

 

 

भाई के साथ लंदन जा रहे थे रमेश

रमेश कुमार विश्वास के पास ब्रिटेन की नागरिकता है। वह अपने परिवार से मिलने भारत आए थे। गुरुवार यानी 12 जून को अपने 45 वर्षीय भाई अजय कुमार के साथ लंदन लौट रहे थे। हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में रमेश ने बताया कि टेकऑफ के 30 सेंकड बाद ही तेज आवाज आई और विमान हादसे का शिकार हो गया। झटका लगने से रमेश के आंखों के पास, सीने और पैरों में चोट आई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिविल अस्पताल में रमेश से मुलाकात की और उनका हाल चाल जाना। 

 

 

चारों तरफ लाशें देख मैं डर गया

रमेश ने बताया, 'जब मैं घटनास्थल पर उठा तो मेरे चारों तरफ लाशें पड़ी थीं। मैं डर गया था। खड़े होकर वहां से तुरंत भागा। किसी ने मुझे पकड़कर एंबुलेंस में बैठाया और अस्पताल पहुंचाया। मेरे चारों तरफ विमान के तुकड़े पड़े थे।' रमेश ने जानकारी दी कि वह पिछले 20 वर्षों से अपने परिवार के साथ लंदन में रहते हैं। अपने भाई अजय के साथ दीव आए थे। रमेश ने कहा कि भाई अजय विमान में अलग लाइन में बैठा था। अभी तक उसका पता नहीं चला है। उन्होंने भाई को खोजने में मदद की अपील की। सोशल मीडिया पर रमेश का एक वीडियो खूब वायरल है। इसमें वे हादसे के बाद भागते दिख रहे हैं। हालांकि उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। 

Live Updates

June 12, 22:24

शवों को निकालने का काम पूरा

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं जीवित बचे एक व्यक्ति से मिला। सभी विभाग समन्वय के साथ बचाव अभियान चला रहे हैं। विमान में लगभग 1,25,000 लीटर ईंधन था। मैंने दुर्घटना स्थल का दौरा किया। शवों को निकालने का काम लगभग पूरा हो चुका है। केंद्रीय गृह मंत्री ने बताया कि परिवारों के सदस्यों के डीएनए सैंपल जुटाए जा रहे हैं। विदेश में रहने वाले लोगों को भी सूचना दे दी गई है। करीब 1000 डीएनए परीक्षण किए जाएंगे। शवों के भी नमूने जुटाए गए हैं। डीएनए टेस्ट के बाद ही शवों को सौंपा जाएगा। उड्डयन मंत्री ने जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap