दिल्ली-NCR में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। बीते कुछ दिनों में आई आंधी और बारिश ने गर्मी से कुछ राहत जरूर दी थी लेकिन अब फिर से पारा चढ़ने वाला है। 5 जून से गर्मी का दौर दोबारा शुरू हो जाएगा, जो पूरे हफ्ते बना रहेगा। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और रविवार तक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
वहीं,उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बाद मौसम ने करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ और निचले वायुमंडल में एक्टिव दो चक्रवाती परिसंचरणों के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में गरज और बिजली के साथ बारिश हो रही है। इस मौसम परिवर्तन के कारण राज्य भर में अधिकतम तापमान में 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है।
यह भी पढ़ें: DGCA ने किया औचक निरीक्षण, तुर्की एयरलाइन्स में मिली कई सुरक्षा खामी
राजस्थान में बारिश के आसार
पिछले दो दिनों से एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ ने राजस्थान में गर्मी को पूरी तरह से काफी हद तक कम कर दिया है। राज्यभर में आंधी और बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। इस मौसमी बदलाव के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जून का महीना, जो आमतौर पर भीषण गर्मी और लू के लिए जाना जाता है, इस बार आंधी और बारिश के असर में है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में पारा सामान्य से काफी नीचे चला गया है। कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु भगदड़: तैयारियों की खामी या लोग हुए बेकाबू, पढ़ें पूरी ABCD
बिहार के जिलों पर बारिश का अलर्ट
जून के साथ ही बिहार में मानसून की आहट महसूस की जाने लगी है। खासकर सीमांचल क्षेत्र में बारिश की रफ्तार तेज हो गई है। पूर्वी बिहार में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की जा रही है, जिससे हालात तेजी से बदल रहे हैं। मौसम विभाग ने पूर्वी बिहार के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पूर्वी बिहार के साथ उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य क्षेत्र के जिलों जैसे कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया और नवादा में तेज हवा चलने की संभावना जताई है। वहीं, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की उम्मीद है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड का क्या हाल?
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम आंशिक रूप से बादली बना रहेगा और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में धूप खिली रहने की उम्मीद है, हालांकि कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की फुहारें भी पड़ सकती हैं। चारधाम और उसके आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। रोजाना हो रही बारिश के चलते देहरादून समेत कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
यह भी पढ़ें: देश में जातीय जनगणना की तारीखों का ऐलान, 2026 से शुरू होगा सर्वे
असम से मणिपुर तक बाढ़ से हाहाकार
असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में बाढ़ ने तबाही मचा दी है। हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है। लोगों को समझ नहीं आ रहा कि वे क्या करें और कहां जाएं। मंगलवार को असम में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई, जहां छह और लोगों की मौत की पुष्टि हुई। इसके साथ ही इस साल बाढ़ और भूस्खलन के कारण राज्य में अब तक कुल 17 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, सिक्किम सहित पूर्वोत्तर के सात राज्यों में कुल मौतों का आंकड़ा बढ़कर करीब 48 तक पहुंच गया है।