राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-NCR में कड़ाके की ठंड के साथ बढ़ते प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार (28 दिसंबर) को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 385 दर्ज किया गया, जो एक बार फिर गंभीर स्तर के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बहुत कम है जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की आशंका है। ठंड, कोहरा और प्रदूषण की वजह से पूरे उत्तर भारत में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें- असम के 93 हजार 'D वोटर' कौन हैं, SIR में नाम कटा, अब आगे क्या? सब समझिए
दिल्ली-NCR में प्रदूषण
दिल्ली के कई इलाकों में AQI गंभीर और बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है। बीते कुछ दिनों में हवा की गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ था लेकिन अब फिर से स्थिति बिगड़ने लगी है। दिल्ली के 40 में से 20 AQI स्टेशनों पर स्तर 400 से अधिक रिकॉर्ड किया गया। इनमें शादीपुर, विवेक विहार, चांदनी चौक, डीटीयू, अशोक नगर, बवाना और मुंडका शामिल हैं।
प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने दोबारा GRAP का स्टेज-3 लागू कर दिया है। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि दिल्ली में प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए GRAP-4 की दो पाबंदियों को अब स्थायी रूप से लागू कर दिया गया है।
बाकी राज्यों का हाल
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड का असर बना रहेगा। पंजाब और हरियाणा में भी घना कोहरा और ठंडी हवाएं चल रही हैं। अमृतसर, चंडीगढ़ और हिसार में न्यूनतम तापमान 4 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।
झारखंड की राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में ठंड ने फिर से जोर पकड़ लिया है। रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के अलावा उत्तर-पश्चिमी जिलों पलामू, चतरा, गढ़वा और लातेहार में भी ठंड से लोगों को परेशानी हो रही है। मैकलुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें-'कर्नाटक के मामलों में दखल न दें', केरल CM पिनराई विजयन पर क्यों भड़के शिवकुमार?
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी
वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से 28 दिसंबर को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। श्रीनगर, गुलमर्ग और शिमला जैसे इलाकों में ताजा बर्फबारी पर्यटकों को आकर्षित कर रही है, हालांकि ऊपरी इलाकों में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है।
उत्तर भारत में इस समय सर्दी अपने चरम पर है। ठंड, कोहरा और प्रदूषण मिलकर हालात को और कठिन बना रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने की संभावना कम है।
