देश की राजधानी दिल्ली में होटल इंडस्ट्री में हलचल मच गई है। होटल के कमरों की कीमतें लाखों में पहुंच गई हैं। दिल्ली में अगर आप किसी होटल में ठहरने का प्लान बना रहे हैं तो यह आपके लिए बहुत मंहगा हो सकता है। 5 स्टार होटल के कमरों का किराया अचानक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली में हालात ऐसे बन गए हैं कि कई होटलों में एक रूम का किराया 4-5 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
दिल्ली में होटल के कमरों का किराया अचानक बढ़ने के पीछे दिल्ली में होने वाला एक बड़ा इवेंट है। दिल्ली में 16 से 20 फरवरी के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इम्पैक्ट समिट होने जा रही है। इस समिट में दुनियाभर से टेक लीडर्स दिल्ली पहुंचेगे, जिसके चलते लग्जरी होटलों की मांग बहुत ज्यादा बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: कफ सीरप के नाम पर 2000 करोड़ की हेराफेरी, हवाला लिंक में 5 गिरफ्तार
32 लाख एक रात का किराया
इस समिट के कारण दिल्ली के होटलों का किराया कई गुना बढ़ गया है। फाइव-स्टार और लग्जरी होटलों में एक रूम का एक रात का किराया लाखों में चला गया है। दिल्ली के मशहूर ताज पैलेस होटल का 'गार्डन लग्जरी सुइट' बुक करने के लिए एक रात के 27.55 लाख रुपये देने पड़ सकते हैं। अगर टैक्स को मिला लिया जाए तो यह कीमत लगभग 32 लाख रुपये तक पहुंच जाती है। यही कमरा कुछ दिन पहले तक दो लाख रुपये में मिल जाता था। इस समिट के दौरान इस कमरे की कीमत में करीब 1500 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
कई होटल हो चुके हैं बुक
होटल इंडस्ट्री के एक्सपर्ट्स के अनुसार, दिल्ली के कई बड़े होटल लगभग सोल्ड आउट हो चुके हैं। 16 से 20 फरवरी के बीच कई होटलों में रूम मिलना मुश्किल हो गया है। कई होटलों में कुछ ही रूम खाली बचे हैं। होटल इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का कहना है कि होटल की कीमतों में बढ़ोतरी पूरी तरह डिमांड पर आधारित है। समिट में हिस्सा लेने कई दिग्गज दिल्ली पहुंच रहे हैं इसलिए होटल के कमरों की कीमत में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी हो गई है।
यह भी पढ़ें: हजार रुपये में दोस्त के हाथों पत्नी को बेचा, जंगल ले जाकर किया रेप, मामला दर्ज
हजारों लोग दिल्ली पहुंच रहे
16 से 20 फरवरी के बीच नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन हो रहा है। इस AI समिट में हिस्सा लेने हजारों लीडर्स दिल्ली पहुंच रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार इस इवेंट के लिए अब तक 35,000 से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। इस समिट में 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस समिट में 15 से 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 50 से ज्यादा मंत्री और 40 से ज्यादा बड़ी मल्टीनेशनल कपंनी के साथ-साथ भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
