राजनीति वक्त का खेल है। जनता कब, किसे रसूखदार बना दे, किसे जमीन पर पटक दे, यह हर चुनाव में तय हो जाता है। एक जमाने में मुख्यमंत्री कार्यालय तक बेरोक-टोक दाखिल होने वाले पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर का भी हरियाणा में ऊंचा रसूख था। वह भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी माने जाते थे। उनकी रैलियों में चॉपर से जाते थे। दोनों नेता एक-दूसरे की विधानसभाओं में अपनी विधानसभा की तरह चुनाव प्रचार करते थे। कांग्रेस पार्टी के बड़े नेताओं के साथ उनका उठना-बैठना था। उन्हें जिस अंदाज में ईडी के अधिकारियों ने होटल से गिरफ्तार किया है, उस तरह से गुंडे-बदमाशों को गिरफ्तार किया जाता है।
ईडी की टीम ने दिल्ली के 5 स्टार होटल 'शांगरी-ला' से गिरफ्तार किया है। ईडी की टीम होटल के बाहर दबिश देने पहुंची थी। कुछ अधिकारी उन्हें ढूंढ रहे होते हैं, तभी एक अधिकारी उन्हें कॉलर पकड़कर खींचते हुए लाता है। उन्हें जमीन पर गिराता है, घुटनों से चढ़ बैठता है। वह उठने की कोशिश करते हैं, ईडी के जवान उन्हें घेर लेते हैं, कॉलर पकड़ते हैं, वे भागने की कोशिश करते हैं, पकड़ लिए जाते हैं। एक जवान उन्हें घुटने के बल बैठने को मजबूर कर देता है। वह 1500 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी हैं, करोड़ों की संपत्ति है, काफिले के साथ चलते हैं लेकिन जब ईडी ने उन्हें पकड़ा तो कोई समर्थक आस पास मंडराया भी नहीं।
ईडी की टीम उन्हें खींचते हुए ले गई है। ईडी की टीम के ऐक्शन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उनके समय की दुहाई दे रहे हैं। धर्म सिंह छौक्कर का एक जमाने में दबदबा रहा है। वह हरियाणा के समालखा विधानसभा क्षेत्र से आते हैं। उनकी रसूख का आलम यह है कि उन पर जमीन घोटाले के संगीन आरोप कई बार लगे लेकिन अब जाकर पकड़े जा सके हैं।
ED की रडार पर छौक्कर परिवार
धर्म सिंह छौक्कर साई आइना फार्म्स के मालिक हैं। उनकी कंपनी पर आरोप है कि उन्हेंने लोगों को गुरुग्राम में घर देने के बदले में करोड़ों रुपये हड़पे, सत्ता के रसूख का इस्तेमाल किया और जब लोग घरों पर कब्जा मांगने के लिए पहुंचे तो उन्होंने न लोगों को घर दिए, न ही उनके पैसे लौटाए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा से नजदीकी भी इस बार उन्हें बचा नहीं पाए। ईडी की रडार पर सिर्फ धर्म सिंह छौक्कर ही नहीं हैं, उनके बेटे सिकंदर छौक्कर भी हैं। वह भी 400 करोड़ के एक घोटाले में आरोपी हैं। ईडी ने उनके खिलाफ भी केस दर्ज किया है। छौक्कर परिवार पर 1500 से ज्यादा खरीदारों को धोखा देने, उनसे फ्रॉड करने के आरोप हैं। ईडी ने छौक्कर को गुरुग्राम कोर्ट में पेश किया गया है, अब वह 4 दिनों के लिए ईडी की रिमांड में रहेंगे। उन्हें 9 मई को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
धर्म सिंह छौक्कड़ की गिरफ्तारी का वीडियो देखिए

भूपेंद्र हुड्डा और धर्म सिंह छौक्कर के रिश्ते कैसे हैं?
भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र सिंह हुड्डा और सचिन पायलट कांग्रेस के तीनों बड़े नेताओं से धर्म सिंह छौक्कर के अच्छे रिश्ते हैं। कई मौकों पर ये लोग साथ नजर आए हैं। वह भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इतने करीबी हैं कि धर्म सिंह के जन्मदिन पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोशल मीडिया साइट्स पर बधाई संदेश तक देते हैं। कांग्रेस में धाक इतनी कि धर्म सिंह छौक्कर पर संगीन आरोप होने के बाद भी साल 2024 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने उन्हें उतारा। भारतीय जनता पार्टी के मनमोहन भड़ाना से वह 19315 वोटों से हार गए। मनमोहन को 81293 और धर्म सिंह छौक्कर ने 61978 वोट मिले थे।

धर्म सिंह छौक्कर दो बार विधायक भी रहे। साल 2009 में वह पहली बार विधायक चुने गए थे। जब धर्म सिंह छौक्कर पहली बार 2009 में समालखा से विधायक बने, तब हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा थे। वे 2005 से 2014 तक हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे। धर्म सिंह छौक्कर इस दौरान भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ खड़े रहे।
समालखा विधानसभा में खुद को जनसेवक की तरह पेश करने वाले धरम सिंह छौक्कर, भूपेंद्र सिंह हुड्डा के चहेते नेता बने रहे। रसूख का आलम यह कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा से लेकर सचिन पायलट तक उनके चुनाव प्रचार के लिए उनकी विधानसभा में आते हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा उनके जन्मदिन पर फेसबुक पोस्ट करते हैं, खुद को करीबी बताते हैं।

भारत जोड़ो यात्रा में वह राहुल गांधी के साथ भी नजर आ चुके हैं। सचिन पायलट और भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दोनों नेताओं के वह करीबी हैं। उनके साथ दीपेंद्र सिंह हुड्डा अक्सर नजर आते हैं। भूपेंद्र हुड्डा के साथ लंच, डिनर और पार्टी के साथ कई तस्वीरें सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भरी पड़ी हैं। दिलचस्प बात यह है कि खुद भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी जमीन घोटाले के गंभीर आरोप हैं, धर्म सिंह छौक्कर पर भी।

धर्म सिंह छौक्कर पर आरोप क्या हैं?
धर्म सिंह छौक्कर की कंपनी साई आइना फॉर्म्स, माहिरा इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, सीजर बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड और माहिरा बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड ने एक स्कीम लॉन्च की। स्कीम के तहत लोगों को कम पैसे में उनका अपना घर देने का वादा किया गया। इस स्कीम की लालच में कई लोग आए। गुरुग्राम सेक्टर 68, 103 और 104 जैसे VIP इलाकों में घर देने का वादा किया गया। उन्होंने खरीदारों से करीब 616.41 करोड़ रुपये भी जुटा लिए। लोग इस उम्मीद में थे कि उनके सपनों का घर मिलेगा लेकिन धर्म सिंह छौक्कर की कंपनी ने उन्हें धोखा दिया। जो रकम बोली लगाकर जुटाई गई, उसे इन्होंने मनमाने तरीके से खर्च किया। आरोप हैं कि घर बनाने के बहाने फर्जी निर्माण दिखाया गया, निजी शौक के लिए पैसे लुटाए गए लेकिन लोगों को उनका घर नहीं मिला। इस रकम से करोड़ों की संपत्तियां बनाई गईं।

ईडी ने अब तक क्या-क्या किया है?
ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत छौक्कर परिवार पर केस दर्ज किया है। ईडी ने पहली छापेमारी 2023 में उनके आवास और कंपनियों पर की थी। माहिरा होम्स प्रोजेक्ट से जुड़ी सारी संपत्तियां सीज हो चुकी हैं, दफ्तर सीज हो चुके हैं। कई गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है। ईडी की टीम ने करीब 14 लाख कैश, 4 गाड़ियां और लाखों के गहनों को जब्त किया है। 30 अप्रैल को सिकंदर छौक्कर को गिरफ्तार किया गया था, सोमवार को धर्म छौक्कर की गिरफ्तार किया। धर्म सिंह छौक्कर परिवार सहित ईडी के केस में बुरे फंसे हैं। उनके दो बेटों, विकास छौक्कर और सिंकदर छौक्कर पर भी मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। ऐसा हो सकता है कि वह सपरिवार जेल में जाएं।
फरारी काट रहे थे, ईडी ने कॉलर पकड़ गिरफ्तार किया
तारीख 5 अक्तूबर 2024। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में इस केस की सुनवाई हुई। हाई कोर्ट ने धर्म सिंह छौक्कर की गिरफ्तारी के आदेश दिए। 8 अक्तूबर को नतीजे आए। नतीजों के बाद जब ईडी की टीम धर्म सिंह छौक्कर को गिरफ्तार करने पहुंची तो धर्म सिंह छौक्कर अपने घर पर नहीं मिले। घरवालों से ईडी की टीम ने पूछताछ की और वापस लौट गई। कोर्ट ने कहा कि धर्म सिंह छौक्कर खुद सरेंडर करे नहीं तो पुलिस गिरफ्तार करेगी। धर्म सिंह ने सरेंडर नहीं किया, वह पुलिस और ईडी को चकमा देते रहे। ईडी को इनपुट मिला कि होटल शंगरी-ला में वह छिपे हुए हैं। ईडी की टीम ने दबिश दी और उन्हें मौके पर ही धर दबोचा।