टी 20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में रविवार को टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार टाइटल अपने नाम किया। इस जीत के बाद हार्दिक पांड्या ने कंधे पर तिरंगा लेकर जश्न मनाया। इस दौरान उनकी गर्लफ्रेंड भी उनके साथ थी। इस दौरान ग्राउंड पर ही वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लेट गए, जिसकी फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जब हार्दिक ग्राउंड पर लेटे थे उस समय भी उनके कंधे पर तिरंगा लटका था। इसको लेकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर भी उनकी आलोचना की थी और अब उन पर राष्ट्र ध्वज का अपमान करने के लिए FIR दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
इस मामले में एक वकील ने महाराष्ट्र के पुणे में स्थित एक थाने में शिकायत भी दर्ज करवा दी है। वकील ने हार्दिक के खिलाफ FIR दर्ज करने की भी मांग की है। शिवाजी नगर थाने के एक पुलिसा कर्मी ने बताया कि 11 मार्च को वकील वाजिद खाने ने शिकायत दर्ज करवाई है।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप में मचाया तहलका, इन भारतीय खिलाड़ियों से सावधान रहें IPL की टीमें
तिरंगा लपेटकर अश्लील हरकतों का आरोप
वर्ल्ड कप में जीत के बाद हार्दिक पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ जश्न मना रहे थे। इस दौरान वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लेटे हुए दिखाई दिए। इस दौरान उनकी हरकतों को लाइव टीवी पर दिखाया गया, जिससे इंटरनेट पर चर्चा शुरू हो गई। शिकायतकर्तो ने हार्दिक की इन्हीं हरकतों पर एतराज जताया है। वकील ने अपनी शिकायत में हार्दिक पांड्या के इस हरकत को राष्ट्र ध्वज का अपमान बताया।
शिकायतकर्ता ने क्या कहा?
शिकायतकर्ता वाजिद खाने ने कहा, 'आपने देखा वर्ल्ड कप जीतने के बाद हार्दिक पंड्या जश्न मनाते हुए अपनी गर्लफ्रेंड के साथ नाच रहे थे। उनकी पीठ पर राष्ट्रीय ध्वज बंधा हुआ था। 1971 के राष्ट्रीय ध्वज अधिनियम की धारा 2 के अनुसार, हमें राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का सम्मान करना चाहिए। हार्दिक अपनी जीत के जश्न में इतने मग्न थे कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ राष्ट्रीय ध्वज बांधकर लेटे हुए थे। मेरा मानना है कि यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है।'
उन्होंने अपनी शिकायत के बारे में बताते हुए कहा, 'मैंने पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। जब मैं शिकायत दर्ज कराने गया, तो उन्होंने मुझे बताया कि घटना तो अहमदाबाद में हुई थी, यहां नहीं इसलिए मैंने उनसे कहा कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे राष्ट्र का प्रतीक है और हम शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।' वकील के तर्कों के बाद पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज कर ली और उसकी एक कॉपी भी वकील को दी है।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप जीतने पर टीम को BCCI देगा 131 करोड़, आपस में कैसे बांटेंगे खिलाड़ी?
सोशल मीडिया पर भी आलोचना
सोशल मीडिया पर हार्दिक पांड्या की इस हरकत को लेकर आलोचना हो रही है। एक लड़की ने हार्दिक के खिलाफ शिकायत को सही बताते हुए लिखा कि बढ़िया फैसला, तिरंगे का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, हार्दिक पांड्या को इतना तो समझना चाहिए था। एक व्यक्ति ने लिखा कि पांड्या वैसे तो बेहतरीन प्लेयर है लेकिन फिर भी ना जाने क्यों ऐसी गलती करते हैं।
हालांकि, वकील के फैसले को कुछ लोगों ने गलत भी बताया। एक यूजर ने लिखा कि हार्दिक पांड्या ने कुछ भी गलत नहीं किया। यह व्यक्ति फालतू में अटेंशन पाना चाहता है। वाजिद खान मोहम्मद सिराज होता तो अटेंशन जरूर मिलती।
