टी 20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद से टीम इंडिया पर पैसों की बारिश हो रही है। टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया के लिए बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) ने इनाम का एलान कर दिया है। BCCI टीम इंडिया को कुल 131 करोड़ रुपये देगी। यह अब तक किसी भी टीम को दिया जा रहा सबसे बड़ा अमाउंट है। इससे पहले 2024 में टीम इंडिया को कुल 125 करोड़ रुपये BCCI ने दिए थे। अब लगातार दूसरी बार टाइटल जीतने पर टीम पर फिर से पैसों की बारिश हो रही है।
BCCI ने अपने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा, 'भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन के बाद उसे 131 करोड़ रुपये का कैश प्राइज देने की घोषणा की है। बोर्ड इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और सिलेक्टर्स को एक बार फिर बधाई देता है और भविष्य में भी उनकी सफलता की कामना करता है।'
यह भी पढ़ें: अर्शदीप सिंह पर ICC ने क्यों लगाया जुर्माना? कटेगी 15% मैच फीस, जानें वजह
कैसे बंटेगा पैसा?
BCCI ने 131 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की तो लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि यह 131 करोड़ रुपये किसकी जेब में जाएंगे। यानी टीम इंडिया के खिलाड़ियों में कैसे बंटेंगे। इसको लेकर BCCI ने कोई फॉर्मूला सार्वजनिक नहीं किया है। हालांकि, न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से इस बारे में जानकारी दी है। PTI की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस राशि में 15 खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ और दूसरे सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं। यानी खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ को भी यह पैसा मिलेगा।
खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा हिस्सा
PTI की रिपोर्ट में बताया गया है कि एक BCCI में एक सूत्र ने जानकारी दी है कि 131 करोड़ रुपये में से एक बड़ा हिस्सा खिलाड़ियों को दिया जाएगा। इसके अलावा कोचिंग औक सपोर्ट स्टाफ के लिए इनाम की राशि उनके पद के हिसाब से तय की जाएगी। बड़े पद पर बैठे व्यक्ति को ज्यादा अमाउंट मिलेगा।
यह भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप जीतकर पटना पहुंचे ईशान किशन, एयरपोर्ट पर हीरो जैसा हुआ स्वागत
लगातार दूसरा टाइटल
टीम इंडिया ऐसी पहली टीम बन गई है जिसने लगातार दो बार टी 20 वर्ल्ड कप जीता हो। इसके अलावा दो बार से ज्यादा बार टाइटल जीतने वाली यह पहली टीम बन गई है। इस पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था। लीग स्टेज में टीम इंडिया ने अपने सभी मैच जीते। हालांकि, सुपर 8 में साउथ अफ्रीका के हाथों टीम को हार का सामना करना पड़ा।
सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के हाथों हारने के बाद भारत ने वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में इंग्लैंड को बुरी तरह हराने के बाद भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को एकतरफा जीत हासिल की और टाइटल को अपने ही घर में जीतने वाली पहली टीम बन गई।