उत्तर भारत में बारिश नहीं होने की वजह से भीषण गर्मी पड़ रही है। मानसून के देरी से पहुंचने के बीच दिल्ली में पिछले दो साल में सबसे गर्म सुबह रिकॉर्ड की गई। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि आने वाले पांच दिनों में मानसून उत्तर भारत के राज्यों की तरफ बढ़ेगा, क्योंकि हालात अनुकूल है। अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और उत्तरी बंगाल में भारी बारिश हो रही है। अरुणाचल प्रदेश के केयी पैन्योर में अचानक आई बाढ़ में तीन लोगों की जान चली गई।

 

दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह मौसमी औसत से 3.2 डिग्री अधिक था। वहीं अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

यह भी पढ़ें: फ्रांस में 1000 अतिरिक्त मौतें, जर्मनी में हाहाकार; भीषण गर्मी में फंसा यूरोप

 

यूपी में अगले 24 घंटे में लू चलने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान पर बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। सोमवार को प्रयागराज में तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस और लखनऊ में 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक था। उधर, उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली कब पहुंचेगा मानसून?

मौसम विभाग ने 29 जून को यूपी में लू की चेतावनी जारी की है। स्काईमेट के अनुमान के मुताबिक चार जुलाई तक दिल्ली में मानसून आने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में उत्तर अरब सागर के कुछ हिस्सों और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद के दो से तीन दिनों में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में आने की उम्मीद है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में लू की स्थिति बनी हुई है। शाम 5.30 बजे 'महसूस होने वाला तापमान' लगभग 50.7 डिग्री सेल्सियस था। सोमवार को विभाग ने आंधी और बारिश की संभावना जताई है।

अरुणाचल में बाढ़ से तबाही

अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। घर पानी में डूब चुके हैं। सोमवार को भी मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में 200 मिमी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 10 जिले भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित हैं। उधर, सिक्किम के जोंगू में भारी बारिश में एक पुल बह गया। उत्तर बंगाल के भी कुछ इलाकों में सोमवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 

 

यह भी पढ़ें: 'CM ऑफिस तक जुड़े हैं तार', रिशु श्री घोटाले पर तेजस्वी यादव का आरोप

नया पश्चिमी विक्षोभ हो रहा सक्रिय

मौसम विभाग ने शिमला में 4 जुलाई को बारिश की संभावना जताई। इसके अलावा 30 से 40 किमी की गति से हवा चलने की भी चेतावनी दी है। शिमला स्थित मौसम केंद्र का कहना है कि 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ असर डाल सकता है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री से अधिक था।

भीषण गर्मी की चपेट में पंजाब और हरियाणा

पंजाब और हरियाणा भीषण गर्मी की चपेट में हैं। पंजाब के फरीदकोट में तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस और हरियाणा के भिवानी में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 29 जून, 1 और 2 जुलाई को छिटपुट बारिश का अनुमान है। राजस्थान के कुछ जिलों में छिटपुट बारिश के बावजूद उमस भरी गर्मी बनी हुई है।