अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ने भारत पर टैरिफ और पेनाल्टी लगाने की घोषणा करने के बाद यह कहकर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया कि भारत की अर्थव्यवस्था डेड हो चुकी है। मगर आंकड़े बताते हैं कि भारत दुनिया की पांच बड़ी अर्थव्यवस्था में से एक है और सबसे तेजी से आगे बढ़ रही है। भारत के प्रति डोनाल्ड ट्रंप के रुख में बदलाव इसी कार्यकाल में आया है। पिछले कार्यकाल में वह भारत की खूब वाहवाही करते थे।

 

साल 2014 में डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी भारत यात्रा के दौरान कहा था कि मैं भारत को एक उभरता नहीं, बल्कि एक अद्भुत बाजार मानता हूं। उत्तरी अमेरिका के बाद ट्रंप का सबसे बड़ा रियल एस्टेट बिजनेस भारत में फैला है। अगर ट्रंप की बात मान भी लें कि भारत की अर्थव्यवस्था मरी हुई है तो उनका बिजनेस यहां कैसे फल फूल रहा है? साल 2014 तक भारत में ट्रंप ब्रांड की सिर्फ दो इमारतें थीं। पहली मुंबई और दूसरी पुणे में। 2016 में जब डोनाल्ड ट्रंप पहली बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने तब भारत में उनके कारोबार ने और रफ्तार पकड़ी।

 

यह भी पढ़ें: किसी पर 10%, किसी पर 41%, टैरिफ पर ट्रंप के नए ऑर्डर; भारत पर क्या कहा

 

आज डोनाल्ड ट्रंप की कंपनी ट्रंप ऑर्गनाइजेशन भारत के कई बड़े शहरों में दस्तक दे चुकी है। मुंबई, पुणे, गुरुग्राम और कोलकाता में अगले छह सालों में ट्रंप टावर्स की संख्या 10 तक पहुंच जाएगी। इसके अलावा हैदराबाद, बेंगलुरु, पुणे, गुरुग्राम, मुंबई और नोएडा में कई प्रोजेक्ट तैयार होंगे। इनमें ऑफिस, विला, गोल्फ कोर्स का निर्माण किया जाएगा। आने वाले समय में भारत में ट्रंप टावरों की संख्या अमेरिका से अधिक हो जाएगी। 

नाम बेचकर भारत से मुनाफा कमा रहे ट्रंप

भारत के शहरों में जितनी तेजी से ट्रंप टावरों की संख्या बढ़ रही है, उतनी ही तेजी से ट्रंप की कमाई भी बढ़ रही है। खास बात यह है कि ट्रंप कोई निवेश नहीं करते हैं। सिर्फ नाम पर लाखों रुपये का मुनाफा भारत जैसी 'मरी' हुई अर्थव्यवस्था से कमा रहे हैं। भारत की कंपनियां जमीन खरीदती हैं। 

 

वहां ऊंची इमारतों का निर्माण करती हैं और करोड़ों रुपये में फ्लैट बेचती हैं। मगर यह फ्लैट ट्रंप के नाम से बेचे जाते हैं। ट्रंप नाम इस्तेमाल करने के बदले इन कंपनियों को बड़ी रकम बतौर शुल्क डोनाल्ड ट्रंप की कंपनी ट्रंप ऑर्गनाइजेशन को चुकाना होता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप ऑर्गनाइजेशन भारतीय कंपनियों को अपने ब्रांड नाम इस्तेमाल करने के बदले बिक्री का एक फीसदी शुल्क लेता है।

 

भारत में कहां-कहां ट्रंप टावर?

  • मुंबई 
  • पुणे 
  • गुरुग्राम 
  • कोलकाता

 

  • पुणे: पुणे के कल्याणी नगर में 23 मंजिला दो ट्रंप टावर का निर्माण पंचशील रियल्टी ने किया है। पंचशील रियल्टी के मुताबिक 4,400 वर्ग फुट के अपार्टमेंट की कीमत 1.95 मिलियन डॉलर से शुरू होती है। पुणे में ही ट्रंप ब्रांड का एक ऑफिस टावर बन रहा है। ट्रंप वर्ल्ड सेंटर नाम से यह प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। इसे ट्रिबेका डेवलपर्स और कुंदन स्पेसेस के सहयोग से विकसित किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट का लक्ष्य 289 मिलियन डॉलर से अधिक की बिक्री का है। 

 

  • मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी ट्रंप ब्रांड का आलीशन टावर है। इसे लोढ़ा समूह ने विकसित किया है। यहां फ्लैट खरीदना सबके बस की बात नहीं है। सिर्फ मुंबई के धनाढ्य ही ट्रंप टावर में अल्ट्रा लग्जरी अपार्टमेंट ले सकते हैं।

 

  • गुरुग्राम: मुबंई और पुणे के बाद दिल्ली एनसीआर में गुरुग्राम में ट्रंप नाम की पहली इमारत बनी है। ट्रंप ऑर्गनाइजेशन ने एम3एम इंडिया के साथ साझेदारी की और गुरुग्राम में लक्जरी आवास वाले दो टावरों का निर्माण किया। यहां फ्लैट की कीमत 15 करोड़ से 125 करोड़ रुपये तक है। खास बात यह है कि 125 करोड़ रुपये वाले फ्लैट पहले ही दिन बिक गए थे।

 

  • कोलकाता: इस परियोजना ने ब्रांड के पूर्वी भारत में प्रवेश को चिह्नित किया, जिसमें यूनिमार्क समूह के सहयोग से लक्जरी अपार्टमेंट की पेशकश की गई। कोलकाता में यूनिमार्क समूह 38 मंजिला ट्रंप टावर को तैयार कर रहा है। पहले यह परियोजना यूनिमार्क एटर्निया नाम से थी। मगर 2016 में ट्रंप ऑर्गनाइजेशन के साथ समझौते के बाद इसका नाम ट्रंप टावर पड़ा। 

 

  • हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भी एक ट्रंप टावर बनाया जा रहा है। यह इमारत 27 मंजिला होगी। इसमें 4 BHK और 5 BHK अपार्टमेंट होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक अपार्टमेंट का आकार 4000 से 6,000 वर्ग फुट तक होगा। इसकी शुरुआती कीमत 13000 रुपये प्रति वर्ग फुट होगी। अगर एक 4 BHK की बात करें तो उसकी कीमत लगभग 5.5 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: भारत की इकॉनमी को 'डेड' बता गए ट्रंप, राहुल गांधी बोले- सही कह रहे हैं

भारत में होंगे सबसे अधिक ट्रंप टावर

आने वाले कुछ वर्षों में भारत में ट्रंप टावर की संख्या 10 हो जाएगी। भारत में ट्रंप परिवार का रियल एस्टेट कारोबार अमेरिका से भी बड़ा बन जाएगा। अगर अभी तक अमेरिका से बाहर ट्रंप टावर की बात करें तो सबसे अधिक संख्या भारत में ही है। फिलीपींस, तुर्किये और उरुग्वे में एक-एक ट्रम्प टावर है। जल्द ही सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में भी ट्रंप टावर दिखेंगे।

ट्रंप ब्रांड के छह और प्रोजेक्ट  

भारत में ट्रिबेका डेवलपर्स आने वाले समय में ट्रंप ब्रांड से छह नए प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है। यह प्रोजेक्ट 80 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल में फैले होंगे। प्रोजेक्ट के तहत पुणे, गुरुग्राम, नोएडा, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु में ट्रंप टावरों का निर्माण किया जाएगा। अनुमान के मुताबिक इन प्रोजेक्ट से 15000 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री होने की उम्मीद है।