पूरे उत्तर भारत में बारिश और आंधी-तूफान का सिलसिला जारी है। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब बना हुआ है। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में करीब 14 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली है। उत्तराखंड में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद केदारनाथ यात्रा को कुछ समय की खातिर रोक दिया गया है। तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है।
मौसम विभाग ने सोमवार को 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देश के अधिकांश हिस्सों में आंधी-तूफान का सिलसिला चलता रहेगा। उत्तर प्रदेश में 1 जून यानी आज से मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। हिमाचल प्रदेश में पांच जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में BJP की बंपर जीत, चार में से 3 नगर निगम जीते; कांग्रेस को झटका
मध्य प्रदेश के कई जिलों में रविवार को हल्की बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक सागर संभाग को छोड़कर प्रदेश के बाकी हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई। बदले मौसम के साथ ही लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली। देश की राजधानी दिल्ली में मौसम पूरी तरह से सुहाना हो गया है। शनिवार की शाम आंधी और बारिश के बाद दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजस्थान के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी से लोगों को शनिवार से राहत मिली। प्रदेश के कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश से मौसम बदल गया। प्रदेशभर में आंधी-तूफान का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश शाहपुरा में 55 एमएम रिकॉर्ड की गई।
आज कहां-कहां बारिश और आंधी का अलर्ट?
बारिश का अलर्ट: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार यानी 1 जून को 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा पश्चिम मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और ओडिशा में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: नाले का स्लैब टूटा, 25 उम्मीदवार गिरे; कानपुर में बीएड परीक्षा देने आए थे
आंधी-तूफान की चेतावनी: ओडिशा के कुछ जिलों में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की संभावना है। कुछ स्थानों पर रफ्तार 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है। उधर, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ के कई जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि इसकी रफ्तार थोड़ा कम रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक 1 जून को उत्तराखंड, पश्चिम राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, सिक्किम, हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंतरिक कर्नाटक, झारखंड, केरल, गोवा, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में बिजली कड़कने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है।
