पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने शनिवार और रविवार को ऑपरेशन ऑपरेशन हीरोफ के तहत खूब तांडव मचाया। 12 से ज्यादा शहरों पर एक साथ हमला किया। पाकिस्तान सेना और पुलिस के अलावा सरकारी इमारतों व बैंकों पर हमले किए। पाकिस्तानी सेना का दावा है कि उसने 133 अलगाववादियों को मार गिराया है। वहीं बलूच लिबरेशन आर्मी का दावा है कि 80 पाकिस्तानी सैनिक को ढेर किया गया है और 13 को बंधक बना लिया गया है। 

 

पाकिस्तान की सेना और गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने आरोप लगाया कि हमलावरों को भारत का समर्थन हासिल है। भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को न केवल बेनुयाद बताया, बल्कि सिरे से खारिज भी कर दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'हम पाकिस्तान के बेबुनियाद आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं, जो उसकी अपनी अंदरूनी नाकामियों से ध्यान भटकाने की उसकी पुरानी चाल के अलावा और कुछ नहीं हैं। हर बार जब कोई हिंसक घटना होती है तो बेबुनियाद दावे दोहराने के बजाय उसे इस क्षेत्र में अपने लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए। दमन, क्रूरता और मानवाधिकारों के उल्लंघन का उसका रिकॉर्ड जगजाहिर है।'

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ नहीं चले वैभव सूर्यवंशी, फिर भी शुभमन गिल को छोड़ा पीछे

 

बीएलए ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो रिलीज किए। इसमें उसके लड़ाके न केवल राजधानी क्वेटा, बल्कि अन्य शहरों में भी बेधड़क घूम रहे हैं। कई जगह महिला अलगाववादियों ने मोर्चा संभाल रखा है। पाकिस्तान सरकार ने व्यापक हमलों के बाद पूरे बलूचिस्तान में इंटरनेट और फोन सेवा बंद कर दी। वहीं बीएलए ने कई स्थानों पर ट्रेन की पटरियां उड़ा दी हैं। इससे देश के अन्य हिस्सों से बलूचिस्तान का संपर्क कट गया है।

बीएलए के कंट्रोल में नोशकी जिला

बलूच लड़ाकों ने नोशकी जिले को अपने कंट्रोल में ले लिया है। अब भी स्थिति तनावपूर्ण है। लगातार गोलीबारी की आवाज आ रही है। पाकिस्तान सेना हेलीकॉप्टर से शहर पर निगरानी रख रही है। नोशकी में ही एलाइड बैंक और नेशनल बैंक में आगजनी की खबर है। यहां पाकिस्तान सेना के दो मिलिट्री कैंप में भारी गोलीबारी हो रही है। इसके अलावा राजधानी क्वेटा में परिवहन सेवा भी ठप है।

 

यह भी पढ़ें: क्या ब्रिटेन में भारतीय करवा रहे भ्रूण हत्या? क्या कहती है रिपोर्ट?

जेल पर बोला धावा, 30 कैदियों को छुड़ाया

लड़ाकों ने मस्तुंग जिले की एक जेल पर धावा बोलकर 30 से अधिक कैदियों को छुड़ा लिया है। क्वेटा में पुलिस वाहन पर ग्रेनेड हमले में दो अधिकारियों की जान गई है।  जान माल के भारी नुकसान के बाद पाकिस्तान सरकार ने बलूचिस्तान के सभी अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया है। दलबांदिन जिले में ग्रेनेंड हमले की भी खबर है। इसके अलावा बलिंचा, तुम्प और खारान जिलों में पुलिस चौकियों को निशाना बनाया गया।