हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को गंभीर रूप से बढ़ा दिया है। इस हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई। हमले के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव की आशंका फिर से उभर आई है।

 

हमले के जवाब में भारत ने कई बड़े कदम उठाए हैं। भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया, अटारी बॉर्डर पोस्ट को बंद कर दिया, पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए और पाकिस्तान में भारतीय दूतावासों में काम कर रहे कर्मचारियों की संख्या भी घटा दी। पाकिस्तान ने भी जवाबी कदम उठाए, जैसे कि शिमला समझौते को रोकना, समुद्र तटीय इलाकों में मिसाइल परीक्षण करना और भारत के साथ व्यापार और वीजा सेवाएं बंद करना।

 

यह भी पढ़ें: 'डिफेंस ऑपरेशन की कवरेज ना करे मीडिया', भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी

 

पहलगाम हमला दोनों देशों के बीच पहले से ही खराब रिश्तों को और अधिक तनावपूर्ण बना चुका है। दोनों ओर से सैन्य ताकत दिखाने की गतिविधियां बढ़ गई हैं।

दोनों देशों की सैन्य क्षमता

सैनिक बल और संख्या

भारत का सैन्य बल दुनिया में चौथे स्थान पर है जबकि पाकिस्तान का 12वें स्थान पर। भारत के पास लगभग 14.6 लाख सक्रिय सैनिक हैं और 11.5 लाख रिजर्व सैनिक। वहीं पाकिस्तान के पास करीब 6.54 लाख सक्रिय सैनिक और लगभग 5 लाख अर्धसैनिक बल हैं। भारत के अर्धसैनिक बलों की संख्या लगभग 25 लाख है, जो पाकिस्तान से कई गुना ज्यादा है।

रक्षा बजट

भारत का 2025-26 का रक्षा बजट लगभग 79 अरब डॉलर जो भारतीय रुपयों में करीब 6.8 लाख करोड़ रुपये) है, जो पिछले साल से 9.5% अधिक है। वहीं पाकिस्तान का रक्षा बजट लगभग 7.6 अरब डॉलर है। बजट में इस बड़े अंतर के चलते भारत के पास आधुनिक हथियारों की खरीद, रखरखाव और सैनिकों के प्रशिक्षण के लिए अधिक संसाधन हैं।

मिसाइल और परमाणु क्षमता

दोनों देशों के पास परमाणु हथियार और बैलिस्टिक मिसाइलें हैं। भारत ने 5,200 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक मार करने वाली अग्नि-5 मिसाइल है और अग्नि-6 पर भी काम कर रहा है। वहीं पाकिस्तान के पास शहीन-3 मिसाइल है, जिसकी रेंज करीब 2,750 किलोमीटर है। पाकिस्तान लंबी दूरी की मिसाइल तकनीक विकसित करने के लिए चीन और बेलारूस से मदद ले रहा है।

बख्तरबंद और मशीनी ताकत

भारत के पास लगभग 4,201 टैंक हैं, जिनमें टी-90 भीष्म और स्वदेशी अर्जुन टैंक शामिल हैं। पाकिस्तान के पास लगभग 2,627 टैंक हैं। इसके अलावा भारत के पास 1,48,000 से ज्यादा बख्तरबंद वाहन हैं, जो पाकिस्तान के मुकाबले तीन गुना अधिक हैं। इसका मतलब है कि जमीनी लड़ाई में भारत की मशीनी ताकत कहीं अधिक मजबूत है।

 

यह भी पढ़ें: 'गला काट देंगे' पाकिस्तानी अधिकारी ने किया इशारा, लंदन में मचा बवाल

वायु और नौसेना शक्ति

भारतीय सेना के पास 2,229 विमान हैं, जबकि पाकिस्तान के पास 1,399 विमान है। इसके साथ भारतीय सेना के पास 513 लड़ाकू विमान हैं और 328 लड़ाकू विमान पाकिस्तान के बेड़े में हैं। भारतीय वायुसेना एशिया की सबसे शक्तिशाली वायु सेनाओं में गिनी जाती है। भारत के पास राफेल, सुखोई-30MKI और स्वदेशी तेजस जैसे आधुनिक फाइटर जेट हैं। वहीं पाकिस्तान के पास एफ-16 और चीन में बना जेएफ-17 जैसे विमान हैं।

 

भारतीय नौसेना भी पाकिस्तान की तुलना में काफी बड़ी और अत्याधुनिक है। भारत के पास इस समय 2 एयरक्राफ्ट कैर्रियर तैनात है, जबकि पाकिस्तान के पास कोई एयरक्राफ्ट कैर्रियर नहीं है। सबमरीन्स की संख्या में भारत के पास 18 सबमरीन हैं और पाकिस्तान के पास इसकी संख्या सिर्फ 8 है।