देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को राहत मिल गई है। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविेएशन (DGCA) के जिन नियमों की वजह से 4 दिन से उड़ानें रद्द हो रही थीं, उन नियमों को अब वापस ले लिया गया है। DGCA ने यह नियम ऐसे वक्त वापस लिए हैं, जब लगातार चौथे दिन इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द हुई हैं। देशभर के सभी बड़े एयरपोर्ट्स पर अफरा-तफरी का माहौल है और यात्री लगातार परेशान हो रहे हैं।
अब शुक्रवार को DGCA ने बताया है कि फ्लाइट ऑपरेशन से जुड़ी दिक्कतों और कई शिकायतों को देखते हुए इस नियम को वापस लिया गया है।
DGCA ने हाल ही में फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के नए नियमों को लागू किया था। इसके बाद 4 दिन से इंडिगो की उड़ानों पर असर पड़ रहा था। देशभर में यात्री परेशान हो रहे थे। गुरुवार को DGCA ने भी इन नियमों में 10 फरवरी तक थोड़ी ढील देने की अपील की थी।
यह भी पढ़ें-- जानबूझकर बनाए गए ऐसे हालात! नए नियमों का सिर्फ इंडिगो पर ही असर क्यों? समझिए
अब DGCA ने क्या फैसला लिया?
DGCA की ओर से जारी सर्कुलर में बताया गया है कि यह नियम सभी फ्लाइट ऑपरेटर्स पर लागू होगा। इसका मतलब हुआ कि सिर्फ इंडिगो ही नहीं, बल्कि सभी एयरलाइन कंपनियों को राहत मिल गई है। हालांकि, सबसे ज्यादा असर इंडिगो की उड़ानों पर ही पड़ा था।
FDTL के नए नियमों में एक क्लॉज था, जिसमें साफ लिखा था कि क्रू को हर हफ्ते वीकली रेस्ट मिलनी चाहिए और इसे लीव से रिप्लेस नहीं किया जा सकता। यह नियम इसलिए बनाया गया था, ताकि पायलट और क्रू के बाकी मेंबर थके नहीं।
हालांकि, अब DGCA ने बताया है कि उस नियम को वापस ले लिया गया है, ताकि फ्लाइट ऑपरेशन में रुकावट न आए। DGCA ने बताया कि इस नियम को तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है।
DGCA की अपील- सहयोग करें पायलट
इस बीच DGCA ने सभी पायलटों से सहयोग करने की अपील भी की है। DGCA के डीजी फैज अहमद किदवई ने सभी पायलट एसोसिएशन और पायलटों से सहयोग की अपील की है।
उन्होंने एक पत्र जारी कर लिखा है कि इंडिगो में जारी संकट के कारण फ्लाइट ऑपरेशन बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि 'अब हम कोहरे, पीक हॉलीडे सीजन और वेडिंग सीजन में एंट्री कर रहे हैं, जहां यात्रियों की संख्या और भी बढ़ने वाली है और मौसम के कारण मुश्किलें भी आने की संभावना है। ऐसे समय में हम सभी पायलट एसोसिएशन और पायलटों से पूरा सहयोग चाहते हैं।'
यह भी पढ़ें-- किसी के हाथ में अस्थि तो किसी की मीटिंग छूटी, एयरपोर्ट पर फंसे लोग क्या बोले?

कल 550, आज 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द
नए नियमों की वजह से इंडिगो की उड़ानों या तो रद्द हो रही हैं या फिर डिले हो रही हैं। गुरुवार को इंडिगो की देशभर में 550 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो गई थीं।
शुक्रवार को भी इसी तरह के हालात हैं। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि शुक्रवार 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर 220 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। वहीं, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 100 उड़ानों को रद्द किया जा चुका है। हैदराबाद एयरपोर्ट पर भी 90 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं हैं।
सिर्फ उड़ानें ही रद्द नहीं हो रहीं हैं, बल्कि कई घंटों तक डिले हो रही हैं। कई उड़ानें 12-12 घंटे तक डिले हो रही हैं। कई यात्रियों ने यह भी दावा किया था कि इंडिगो बार-बार फ्लाइट को रिशेड्यूल कर रही है और आखिर में कैंसिल कर दे रही है।
यह भी पढ़ें-- जमीन पर आ जाएंगे 6 हजार विमान? 'सोलर रेडिएशन' से खड़ा हुआ बड़ा संकट

इंडिगो की कितनी उड़ानें समय पर?
इंडिगो समय पर अपनी उड़ानों के लिए जानी जाती है। मगर हाल में जो कुछ हुआ है, उसने इसकी इस पहचान पर असर डाल दिया है। इंडिगो की हर दिन 2,300 फ्लाइट उड़ान भरती हैं।
डेटा बताता है कि मंगलवार को इंडिगो की 35% उड़ानें ही समय पर थीं। गुरुवार को यह 19.7% उड़ानें ही समय पर आईं। वहीं, शुक्रवार को तो सिर्फ 8.7% उड़ानें ही ऐसी हैं जो समय पर पहुंचीं।
सिर्फ इंडिगो ही नहीं, बल्कि दूसरी एयरलाइन कंपनियों की उड़ानें भी डिले हो रही हैं। गुरुवार को एयर इंडिया की 61% और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 58.6% फ्लाइट समय पर पहुंची थीं। अकासा एयर की 63% और स्पाइसजेट की 56.4% फ्लाइट समय पर आई थीं।
