हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में भारी बर्फबारी की वजह से पर्यटक बुरी तरह से फंस गए हैं। कोठी से मनाली के बीच का रास्ता 8 किलोमीटर तक जाम हो गया है। शुक्रवार शाम से शुरू हुआ यह जाम 24 घंटे बाद भी नहीं खुला है। हजारों पर्यटक अपनी गाड़ियों में फंसे हुए हैं और ट्रैफिक पूरी तरह ठप पड़ गया है। लंबे वीकेंड और मौसम की पहली बर्फबारी की वजह से बहुत ज्यादा भीड़ आई है। 3 महीने बाद बर्फबारी हुई तो पर्यटक खुद को यहां आने से रोक नहीं सके।

शिमला से 10 किमी दूर धल्ली के आगे हिंदुस्तान-तिब्बत रोड पर भारी बर्फ जमा होने से आवाजाही रोक दी गई है। लोग पैदल चलकर भी मुश्किल से पहुंच पा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मेडिटरेनियन-कैस्पियन सागर क्षेत्र से आने वाला वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। यह अफगानिस्तान-पाकिस्तान के रास्ते से गुजर रहा है और रविवार तक सक्रिय रहेगा। इससे राज्य में और ज्यादा बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 

 

यह भी पढ़ें: 2025 में मौसम बना जानलेवा, 4000 से ज्यादा मौतें, डराने वाले आंकड़े आए सामने

सड़कों पर रात बिता रहे लोग, होटलों में जगह नहीं

होटलों में 100 फीसदी बुकिंग हो गई है, इसलिए अब लोग कुल्लू की तरफ जा रहे हैं। सड़कों पर गाड़ियां बर्फ की मोटी चादर से ढक गई हैं, जिससे हालात और मुश्किल हो गए हैं।राज्य में कुल 685 सड़कें बर्फबारी से बंद हो गई हैं। सबसे ज्यादा 292 सड़कें लाहौल-स्पीति जिले में ब्लॉक हैं। कई पर्यटकों को गाड़ियों में सोना पड़ रहा है क्योंकि होटल 100 फीसदी तक बुक हो चुके हैं। 

कहां कितनी सड़कें बंद हैं?

NDTV की एक रिपोर्ट के मुताबिक चंबा में 132, मंडी में 126, कुल्लू में 79, सिरमौर में 29, किन्नौर में 20, कांगड़ा में 4, ऊना में 2 और सोलन में 1 सड़क बंद है। किन्नौर जिला पूरी तरह कटा हुआ है। शिमला जिले के नारकंडा, जुब्बल, कोटखाई, कुमारसैन, खरापाथर, रोहू और चोपाल जैसे इलाके भी बर्फ से बंद हो गए हैं। 

 

बर्फबारी की वजह से सड़कों पर भीषण जाम लगा है। Photo Credit: PTI

 

कहीं बिजली ठप, कहीं जम गई पानी की टंकी

26 से 28 जनवरी तक भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट है। हिमाचल सरकार ने पूरे राज्य में एडवाइजरी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि जरूरी काम न हो तो यात्रा न करें और सावधानी बरतें। कई इलाकों में बिजली और पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई है। 

ठंड में बुरी तरह फंसे पर्यटक

पर्यटक ठंड में फंसे हैं और उन्हें बहुत परेशानी हो रही है। मनाली में बर्फबारी ने सुंदर नजारे तो बना दिए हैं, लेकिन जिंदगी ठप हो गई है। पर्यटक गाड़ियों में घंटों इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोग और प्रशासन सड़कें खोलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बर्फ बहुत ज्यादा है। लंबे समय बाद आई इस बर्फबारी ने पर्यटन को बढ़ावा दिया है, पर साथ ही मुश्किलें भी खड़ी कर दी हैं।

 

 


यह भी पढ़ें: पहले बारिश, अब रेत पर बर्फबारी, आखिर सऊदी अरब का मौसम इतना कैसे बदल गया?

हिमाचल के किन इलाकों में भीषण ठंड की दस्तक?

मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, सोलन, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर जिलों के लिए रविवार लिए घना कोहरा और कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। तापमान बहुत कम होने वाला है। लोगों को गर्म कपड़े पहनने और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। हिमाचल में यह मौसम का पहला बड़ा बदलाव है, जिसने पूरे राज्य को प्रभावित कर दिया है। पर्यटकों को सरकार ने सलाद दी है कि सलाह है कि मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।