केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने शनिवार को बड़ी नियुक्ति की। सरकार ने प्रख्यात गीतकार, लेखक प्रसून जोशी को भारत के सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान में जोशी की नियुक्ति की घोषणा की। बयान के मुताबिक, साहित्य, विज्ञापन, सिनेमा और सार्वजनिक संचार के क्षेत्र में व्यापक योगदान देने वाले प्रतिष्ठित रचनात्मक पेशेवर प्रसून जोशी अपने प्रभावशाली लेखन और गहरी सांस्कृतिक संवेदनशीलता के लिए जाने जाते हैं।
प्रसून जोशी ने कई लोकप्रिय फिल्मी गीत, विज्ञापन लेखन और सामाजिक रूप से प्रासंगिक कहानियां लिखी हैं। उनका लेखन देश भर के विविध दर्शकों से जुड़ता है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रसून जोशी की नियुक्ति पर कहा, 'प्रसार भारती बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में प्रसून जोशी की नियुक्ति पर मेरी हार्दिक बधाई। प्रसून एक विलक्षण रचनात्मक प्रतिभा हैं, जिन्हें विज्ञापन, साहित्य, कला और सिनेमा के क्षेत्र में दुनिया भर में सम्मान मिला है, लेकिन उनका दिल स्पष्ट रूप से भारत के लिए धड़कता है।'
यह भी पढ़ें: एयर इंडिया ने उड़ानों में कटौती की, CEO बोले- हमारे पास कोई चारा नहीं बचा
प्रसार भारती को नई ऊर्जा मिलेगी
वैष्णव ने कहा कि प्रसून जोशी के शब्दों में देश की मिट्टी की सुगंध समाई हुई है और उनका नजरिया भारतीय संस्कृति के शाश्वत सार को दिखाती है। मंत्री ने कहा, 'प्रसून जोशी के नेतृत्व में प्रसार भारती को नई ऊर्जा, सार्थक उद्देश्य और एक नई रचनात्मक आवाज मिलेगी। मैं उन्हें उनके यादगार और सार्थक कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।'
CBFC के अध्यक्ष रह चुके हैं जोशी
इस नियुक्ति से पहले, प्रसून जोशी अगस्त 2017 से मुंबई स्थित केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे थे। बयान में बताया गया कि उन्होंने (प्रसून जोशी ने) फिल्म उद्योग के सभी हितधारकों के साथ जुड़कर फिल्म प्रमाणन प्रक्रियाओं को मजबूत करने में योगदान दिया और बोर्ड में उनका कार्यकाल रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं नियामक जिम्मेदारी के प्रति संतुलित दृष्टिकोण को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें: 'ये गलत है, TMC की याचिका खारिज नहीं हुई', मेनस्ट्रीम मीडिया पर भड़के सिब्बल
प्रसार भारती क्या है?
प्रसार भारती (ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया) अधिनियम, 1990 के तहत स्थापित और 1997 से कार्यरत प्रसार भारती भारत का वैधानिक स्वायत्त सार्वजनिक सेवा प्रसारक है। प्रसार भारती के दो प्रमुख विभाग हैं, ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) और दूरदर्शन (डीडी)।
एआईआर विश्व के सबसे बड़े रेडियो नेटवर्क में से एक है और यह शहरी और ग्रामीण भारत में कई भाषाओं और बोलियों में लाखों लोगों तक पहुंचता है। जबकि डीडी भारत का राष्ट्रीय टेलीविजन प्रसारक है, जो समाचार, शिक्षा, मनोरंजन और सांस्कृतिक सामग्री सहित व्यापक कार्यक्रम प्रस्तुत करता है।
