भारत सरकार द्वारा हर साल गणतंत्र दिवस से ठीक एक दिन पहले देश के नागरिकों को उनके विशिष्ट योगदान और सेवा के लिए पद्म पुरस्कार दिए जाते हैं। ये पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान हैं और इन्हें तीन श्रेणियों में बांटा गया है- पद्म विभूषण, पद्म भूषण, और पद्म श्री।

 

बात दें कि पद्म विभूषण सम्मान उन लोगों को दिया जाता है जिन्होंने असाधारण और विशिष्ट सेवा दी हो। साथ ही यह सम्मान दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। वहीं, पद्म भूषण पुरस्कार उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है और यह तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। साथ ही पद्म श्री सम्मान किसी भी क्षेत्र में सराहनीय सेवा के लिए दिया जाता है, जो चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।

 

यह भी पढ़ें: बच्चे ध्यान न रखें तो क्या हैं मां-बाप के अधिकार, जानिए सबकुछ

इस पुरस्कार के लिए कौन कर सकते हैं नामांकन?

पद्म पुरस्कार के लिए कोई भी व्यक्ति योग्य हो सकता है, चाहे वह किसी भी जाति, धर्म, पेशा या लिंग से संबंधित हो। हालांकि, सरकारी कर्मचारी, खासकर जो सरकारी सेवा या PSU में कार्यरत हैं, वे इन पुरस्कारों के लिए नामांकन नहीं कर सकते हैं। इसके लिए सिर्फ डॉक्टर और वैज्ञानिकों को इस नियम से छूट दी गई है।

किन क्षेत्रों में दिया जाता है पद्म पुरस्कार?

इन पुरस्कारों को कई अलग-अलग क्षेत्रों में दिया जाता है, जिसमें- 

  • कला- संगीत, चित्रकला, थिएटर, मूर्तिकला, सिनेमा, फोटोग्राफी आदि।
  • सामाजिक कार्य- शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता जैसे क्षेत्र।
  • सार्वजनिक जीवन- कानून, राजनीति, जनसेवा।
  • साइंस और इंजीनियरिंग- रिसर्च, अंतरिक्ष, सूचना प्रौद्योगिकी आदि।
  • व्यापार और उद्योग- बैंकिंग, टेक्नोलॉजी, कपड़ा, पर्यटन, व्यापार।
  • चिकित्सा- एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, प्राकृतिक चिकित्सा।
  • साहित्य और शिक्षा- लेखन, पत्रकारिता, कविता, शिक्षा सुधार आदि।
  • खेल- एथलेटिक्स, खेल का प्रचार, पर्वतारोहण आदि।
  • दूसरे क्षेत्र- योग, आध्यात्म, कृषि, वास्तुकला, रसोई कला, इनोवेशन आदि क्षेत्र शामिल हैं।

पद्म पुरस्कार के लिए नामांकन प्रक्रिया क्या है?

पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी तरह से सार्वजनिक है। कोई भी व्यक्ति किसी योग्य व्यक्ति को नामांकित कर सकता है, यहां तक कि स्वयं के लिए नामांकन भी कर सकता है। बता दें कि हर वर्ष 15 मार्च से 31 जुलाई के बीच नामांकन किए जा सकते हैं।

 

नामांकन कैसे करें

  • आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं:  https://padmaawards.gov.in
  • एकाउंट बनाएं और लॉगिन करें।
  • नामांकित व्यक्ति की पूरी जानकारी, क्षेत्र, उनकी सेवा से जुड़ी सभी जरूरी बातें, फोटो और पहचान पत्र अपलोड करें।
  • नामांकन का कारण और उनकी उपलब्धियों को बताएं।
  • अंत में फॉर्म को सबमिट करें और कन्फर्मेशन प्राप्त करें।

पद्म पुरस्कार के लिए चयन प्रक्रिया

सभी नामांकन को प्रधानमंत्री द्वारा गठित एक पद्म पुरस्कार समिति के सामने प्रस्तुत किया जाता है। यह समिति सभी नामांकन की गहन समीक्षा करती है। इसके बाद समिति की सिफारिशें प्रधानमंत्री और फिर राष्ट्रपति के पास अप्रूवल के लिए भेजी जाती हैं। जब सब के नाम पर मुहर लग जाती है तब पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है।

 

यह भी पढ़ें: खाना मांगने पर 85 साल की मां को पीटते थे बेटा और बहू, CCTV से खुली पोल

पद्म पुरस्कार सम्मान समारोह

पद्म पुरस्कार भारत के राष्ट्रपति द्वारा मार्च या अप्रैल महीने में एक विशेष समारोह में प्रदान किए जाते हैं। विजेताओं को एक प्रमाण पत्र और एक पदक दिया जाता है। साथ एक छोटा प्रतीक पदक भी दिया जाता है जिसे औपचारिक कार्यक्रमों में पहना जा सकता है। बता दें कि पद्म श्री, पद्म भूषण या पद्म विभूषण पुरस्कारों के साथ कोई भी नकद धनराशि नहीं दी जाती।

 

बता दें कि आमतौर पर यह पुरस्कार मरणोपरांत नहीं दिए जाते लेकिन अति विशेष मामलों में सरकार ऐसा कर सकती है। साथ ही हर साल विदेशी नागरिक और मरणोपरांत मामलों को छोड़कर अधिकतम 120 लोगों को ही यह पुरस्कार दिए जा सकते हैं।