जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में हरियाणा के नेवी ऑफिसर की मौत हो गई है। हरियाणा के करनाल के रहने वाले भारतीय नौसेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल पहलगाम हमले में अतंकियों के गोली का शिकार हो गए। वह 26 साल के थे। विनय नरवाल की शादी 16 अप्रैल को हिमानी के साथ हुई थी। शादी के छह दिन बाद विनय नरवाल अपनी पत्नी हिमानी के साथ 21 अप्रैल को हनीमून मनाने पहलगाम गए थे।  पहलगाम आतंकी हमले में अबतक 26 पर्यटकों के मौत की खबर सामने आई है। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। हरियाणा के विनय नरवाल की मौत के बाद करनाल में शोक की लहर फैली हुई है।  

 

विनय नरवाल 2 साल पहले भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। विनय नरवाल लेफ्टिनेंट के तौर पर कोच्चि में तैनात थे। मंगलवार की दोपहर में जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने टूरिस्टों पर हमला बोला तो उसमें विनय नरवाल को भी गोली लगी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल शादी के बाद हनीमून मानने पहलगाम गए हुए थे। देश ने आतंकी हमले में अन्य नागरिकों  के साथ एक जांबाज सपूत भी खो दिया। हमले के बाद विनय नरवाल और उनकी पत्नी हिमानी की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है।

 

यह भी पढ़ें- USPC का रिजल्ट घोषित, शक्ति दुबे ने किया टॉप, देखें लिस्ट

 

पत्नी ने बताई आपबीती

लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन टीआरएफ के आतंकियों ने विनय नरवाल को उनकी पत्नी हिमानी के सामने ही गोली मारी। घटना के तुरंत बाद से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें विनय नरवाल की पत्नी हिमानी को कहते हुए सुना जा सकता है कि उनके पति भेलपुरी खा रहे थे,तभी कुछ आतंकी वहां पहुंच जाते हैं और कहते हैं कि यह मुस्लिम नहीं दिख रहा है और उसके बाद उन्हें गोली मार देते हैं। विनय नरवाल को आतंकियों ने सीने पर कनपट्टी पर और बाएं बाजू पर गोलियां मारी हैं। विनय को अस्पताल ले जाया गया था जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

 

यह भी पढ़ें:'जाओ मोदी को बता दो', पहलगाम में आतंकियों ने कैसे मचाया कत्लेआम?

परिवार में छाई शोक की लहर

विनय नरवाल करनाल शहर के सेक्टर 7 के रहने वाले थे। गौरतलब है कि उनकी शादी 6 दिन पहले हुई थी और 2 दिन पहले ही परिवार ने उनके शादी की रिसेप्शन पार्टी दी थी। विनय नरवाल के पिता का नाम राजेश सिंह नरवाल हैं। जानकारी के मुताबिक, पहलगाम में हुई घटना की जानकारी परिवार के लोगों को शाम के समय हुई, उसके बाद से उनके परिवार में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं, परिवार के कुछ सदस्य श्रीनगर के लिए रवाना हो चुके हैं। विनय नरवाल  की मौत के बाद स्थानीय लोगों में शोक की लहर छाई हुई है। पहलगाम हमले के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पहलगाम आतंकी हमले पर दुख व्यक्त किया है। 

पहलगाम की अबतक की रिपोर्ट

पहलगाम में हुए आतंकी हमले में अब तक 27 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनमें अधिकतर टूरिस्ट हैं। आतंकियों ने पहगाम में मंगलवार शाम को टूरिस्टों को निशाना बनाया और फायरिंग की। पहलगाम में आतंकियों ने धर्म पूछकर लोगों को निशाना बनाया। पहलगाम आतंकी हमले पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर में हमारे सैलानियों पर जो कायरतापूर्ण और योजनाबद्ध तरीके से हमला किया गया है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है, जिन परिवारों ने अपने सदस्यों को खोया है उनके साथ सरकार इस दुख की घड़ी में खड़ी है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उन दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और पीड़ित परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें। जिन लोगों ने इस कायरतापूर्ण कृत्य को अंजाम दिया है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।'