लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से घेरा। उन्होंने अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के फैसले की पृष्ठभूमि में दावा किया कि पीएम मोदी व्यापार समझौते को लेकर दोबारा बातचीत नहीं कर सकते और फिर डोनाल्ड ट्रंप के सामने समर्पण कर देंगे।
अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा कई देशों के खिलाफ लगाए गए व्यापक टैरिफ बढ़ोतरी के आदेशों को रद्द कर दिया। माना जा रहा है कि इससे ट्रंप के आर्थिक एजेंडे को बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी जजों ने अपने आदेश में कहा कि संविधान बहुत स्पष्ट रूप से अमेरिकी संसद को टैक्स लगाने की शक्ति देता है, जिसमें टैरिफ भी शामिल है।
यह भी पढ़ें: पहले निंदा, अब सफाई, वेस्ट बैंक पर इजरायली कब्जे पर भारत क्या बोला?
'प्रधानमंत्री समझौता कर चुके हैं'
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, 'प्रधानमंत्री समझौता कर चुके हैं। उनका विश्वासघात अब उजागर हो गया है। वह (व्यापार समझौते पर) दोबारा बातचीत नहीं कर सकते। वह फिर से समर्पण कर देंगे।'
सवाल क्यों उठ रहा है?
बता दें कि 2 फरवरी को भारत और अमेरिका ने एक नए व्यापार समझौते की घोषणा की। इस समझौते की शर्तों और समयसीमा के बारे में मोदी सरकार ने नहीं के बराबर जानकारी सार्वजानिक की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इस डील के बारे में जो कुछ लिखा उसमें से बहुत सी बातों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या भारत सरकार की तरफ से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई।
यह भी पढ़ें: रोजा, तौबा, जकात, सवाब..., रमजान के पाक महीने में क्या करें, क्या न करें? समझिए
हालांकि, भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील पर अंतिम दौर की बातचीत में ब्योरे तय किए जा रहे हैं। यही वजह है कि इस डील से कई ऐसे सवाल खड़े हो गए हैं जिनके जवाब राहुल गांधी और विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग रहे हैं।
