देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मई में आमतौर पर झुलसाने वाली गर्मी होती है लेकिन इस साल गर्मी के बीच  बारिश, आंधी और तूफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 16 मई से 22 मई 2026 तक देश के कई हिस्सों में मौसम लगातार बदलता रहेगा। कहीं लू चलेगी तो कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर तक मौसम का यह बदला हुआ मिजाज साफ दिखाई देगा।

 

दिल्ली-एनसीआर में इस पूरे हफ्ते गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी। दिन में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है लेकिन शाम होते-होते मौसम अचानक बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 16 मई से 19 मई के बीच तेज धूलभरी आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर आएगी लेकिन उमस बनी रहेगी।

 

यह भी पढ़ें: आपके शहर में कितने रुपये में मिल रहा है पेट्रोल और डीजल? नई दरों पर सियासत तेज

यूपी -बिहार में मौसम

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का डबल असर देखने को मिलेगा। पश्चिमी यूपी में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी के जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, मऊ, देवरिया और आसपास के इलाकों में 17 मई से 21 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। उत्तर प्रदेश में तूफान से बीते दिनों भयंकर तबाही देखने को मिली थी। 

 

बिहार और झारखंड में मौसम सबसे ज्यादा खतरनाक बना हुआ है। 16 मई से 20 मई के बीच कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, किशनगंज और सीमांचल के इलाकों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। किसानों को खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने को कहा गया है।

गर्मी का कहर जारी

राजस्थान और गुजरात में इस हफ्ते भीषण गर्मी का कहर जारी रहेगा। पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने 16 मई से 22 मई तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि, कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी भी चल सकती है। बताया जा रहा है कि फिलहाल पश्चिमी भारत को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

अन्य राज्यों का हाल

पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। पंजाब और हरियाणा में 17 मई से 19 मई के बीच तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। चारधाम यात्रा मार्गों पर मौसम का असर देखने को मिल सकता है, इसलिए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और आसपास के जिलों में 18 मई से 21 मई तक तेज आंधी और बारिश की संभावना है। कई जगहों पर बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।मौसम विभाग का का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी की वजह से यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

 

यह भी पढ़ें: प्रतीक यादव: मौत से पहले 2 बार गए थे अस्पताल, 29 अप्रैल को भी बिगड़ी थी तबीयत

दक्षिण भारत में मौसम

दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में 16 मई से 22 मई तक भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार मानसून सामान्य समय से पहले दस्तक दे सकता है। बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में बन रही परिस्थितियों के कारण दक्षिण भारत में लगातार बादल और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पूर्वोत्तर में बारिश

पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश का सिलसिला जारी है और आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और नागालैंड में अगले कई दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में जलभराव का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी है