भीषण गर्मी के बीच आंधी-तूफान और बारिश के चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला देखने को मिलेगा। आज मौसम विभाग ने 10 राज्यों में बारिश, तूफान और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई राज्यों में अब आधिकारिक तौर पर प्री-मानसून की गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
दिल्ली में कल सुबह से ही मौसम में बदलाव शुरू हो गए थे। सुबह 6 बजे से पहले ही धूल भरी आंधी के साथ बादलों ने बरसना शुरू किया। इसका सीधा असर तापमान पर देखने को मिला और तापमान कम हो गया। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली में बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में बारिश के साथ-साथ आंधी चलने की भी संभावना है जिसको देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में 3 चौंकाने वाले एग्जिट पोल, 2 में NDA और एक में बन रही विजय की सरकार
किन राज्यों में होगी बारिश?
आज उत्तर भारत के कई राज्यों में फिर से बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अमेठी, सोनभद्र, सुल्तानपुर, अलीगढ़ और फुरसतगंज में आज भी बारिश की संभावना है।
बिहार के सभी 38 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में अधिकांश हिस्सों में बारिश का अलर्ट नहीं है। हालांकि, कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ आज ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर में अलर्ट
उत्तर भारत में भले ही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही हो लेकिन पूर्वोत्तर भारत में गर्मी लोगों के लिए आफत बन गई है। पूर्वोत्तर भारत में लगातार मौसम खराब बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश के संकेत दिए हैं। असम, अरुणाचल, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में आज तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने मूसलाधार बारिश, गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने का पूर्वानुमान जारी किया है।
यह भी पढ़ें: बंगाल में फिर से ममता सरकार? इन दो एग्जिट पोल्स ने बढ़ाई BJP की टेंशन
इन जगहों पर गर्मी
दो दिन पहले तक उत्तर भारत और मध्य भारत के ज्यादातर राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। हालांकि, अब बारिश से कुछ राज्यों को राहत मिली है लेकिन कुछ राज्यों में अभी भी भीषण गर्मी का दौर जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में गर्मी का असर देखने को मिलेगा। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी गर्मी का असर देखने को मिलेगा। हालांकि, आज मौसम विभाग ने किसी भी राज्य में लू का अलर्ट जारी नहीं किया है।
