पश्चिम बंगाल में अधिकांश एग्जिट पोल ने बीजेपी सरकार बनने का अनुमान लगाया है। प्रजा पोल के एग्जिट पोल में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलता दिखाया गया है। बंगाल की कुल 294 सीटों में से 178-208 पर बीजेपी को जीत मिलने का अनुमान है। टीएमसी 85 से 110 तक सिमट सकती है।
एग्जिट पोल आने के बाद से बीजेपी के खेमे खुशी की लहर है। मगर दो एग्जिट पोल ऐसे भी हैं, जो पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की वापसी की भविष्यवाणी कर रहे है। अगर 4 मई को इन एग्जिट पोल के अनुमान नतीजों में बदलते हैं तो बीजेपी को बड़ी मायूसी का सामना करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: 5 राज्यों के Exit Poll: असम-बंगाल में BJP को बहुमत, केरल में कांग्रेस की वापसी
पीपल्स पल्स: People's Pulse के एग्जिट पोल के मुताबिक पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार की वापसी हो रही है। बीजेपी को पिछले चुनाव से अधिक सीटें मिलेंगी। मगर वह सत्ता से काफी दूर रहेगी। एग्जिट पोल के मुताबिक ममता बनर्जी की टीएमसी को 177-187 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान है। बीजेपी 95-110 सीटों पर कामयाबी हासिल कर सकती है। कांग्रेस को 1-3 और लेफ्ट फ्रंट के खाते में एक सीट आने का अनुमान है।
जनमत पोल्स: इस एग्जिट पोल में भी टीएमसी की वापसी का अनुमान है। टीएमसी गठबंधन को 195-205 सीटें मिल सकती हैं। बीजेपी 80-90 सीटों पर सिमट सकती है। अन्य के खाते में 4-9 सीटें आ सकती हैं।
कांटे की टक्कर: जेवीसी के एग्जिट पोल में टीएमसी और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान है। टीएमसी को 131-152 सीटों पर जीत मिल सकती है। बीजेपी को 138-159 सीटों का अनुमान है। मैटराइज के पोल के मुताबिक टीएमसी 125 से 140 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। वहीं बीजेपी को 146 से 161 सीटों मिलने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: Exit Polls में केरल में किसकी बन रही सरकार, क्या चल गया राहुल गांधी का जादू?
बता दें कि पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों पर दो चरण में मतदान हुआ। दोनों चरणों में बंपर वोटिंग दर्ज की गई। चार मई को असम, केरल, तमिनाडु, पुडुचेरी समेत पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे।