देशभर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिल्ली-NCR में हुई बारिश और तेज आंधी के बाद अब गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली-NCR में आज (21 अप्रैल) को मौसम सामान्य रूप से साफ रहेगा लेकिन गर्मी का प्रभाव बना रहेगा। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। हवाएं कम चलेंगी जिनकी स्पीड 10 से 20 किमी प्रति घंटे हो सकती है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ सकता है। हाल के अपडेट्स को देखते हुए हीटवेव का कोई अलर्ट नहीं है लेकिन अप्रैल के अंत तक तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिल्ली में AQI की बात करें तो 200 के आसपास या नीचे रहने की उम्मीद है। हालांकि, कुछ इलाकों जैसे आनंद विहार और मुंडका में AQI 400 से अधिक हो सकता है।
यह भी पढ़ें: शक्तियां अलग-अलग लेकिन संसद और सुप्रीम कोर्ट में टकराव क्यों होता है?
अन्य राज्यों में मौसम
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम साफ रहेगा लेकिन कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या तेज हवाओं की संभावना है। पूर्वी यूपी में तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
राजस्थान में भीषण गर्मी का अलर्ट है खासकर बाड़मेर और जैसलमेर जैसे क्षेत्रों में, जहां तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
पंजाब और हरियाणा में मौसम साफ रहेगा लेकिन दिन में तेज धूप और गर्मी का असर रहेगा। तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है जिससे तापमान में कमी आएगी।
मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में गर्मी और शुष्क मौसम रहेगा लेकिन कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
किन राज्यों में हीटवेव अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में रेड अलर्ट और 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी राजस्थान, विशेष रूप में बाड़मेर, फलोदी और चुरू जैसे क्षेत्रों में तापमान 44-46 डिग्री तक पहुंच सकता है। पूर्वी राजस्थान में भी कुछ स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी।
20 जिले जहां IMD का ऑरेंज अलर्ट
हनुमानगढ़, बीकानेर, चुरू, नागौर, सीकर, अलवर, जयपुर, पाली, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बारां, कोटा, बूंदी, झालावार, श्री गंगानगर, और झुंझुनू।
गुजरात में भी IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में तापमान 40-43 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कच्छ में 6 दिन की हीटवेव चेतावनी है। राजकोट और उत्तरी जिलों (गांधीनगर, साबरकांठा, महेसाना, बनासकांठा, अरावली) में भी गर्मी की स्थिति बनी रहेगी।
IMD ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में अप्रैल-जून 2025 में सामान्य से दोगुना हीटवेव दिन हो सकते हैं। हालांकि, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, और कर्नाटक जैसे राज्यों में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे हीटवेव का असर कम हो सकता है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और ठंडा मौसम, हीटवेव का कोई अलर्ट नहीं है।
यह भी पढ़ें: BMC ने तोड़ा जैन मंदिर, सड़कों पर लोग, हंगामे की पूरी कहानी
किन राज्यों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने बारिश, आंधी-तूफान, या बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसमें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश हो सकती है। तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ ओला भी गिर सकता है। यहां के लिए IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हिमाचल और उत्तराखंड में भी IMD ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुल्लू, चंबा और कांगड़ा में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, बिहार और झारखंड में भी हल्की बारिश की संभावना है जिसके लिए IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तर-पश्चिम भारत में एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का कारण बन रहा है। यह 21 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हलचल के कारण बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, और दक्षिणी राज्यों में बारिश की संभावना है। बारिश से कुछ क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलेगी लेकिन पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव का खतरा है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट: 68% उड़ानें डिले, हजारों लोग परेशान, वजह क्या है?
रामबन जिले में बादल फटने से 3 की मौत
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के धर्मकुंड में 20 अप्रैल को बादल फटने के कारण अचानक बाढ़ आई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता हो गया। 10 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त, 25-30 घर आंशिक रूप से प्रभावित हुए। 90-100 लोगों को रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए लोगों को सुरक्षित निकाला गया। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण यातायात बाधित, जिसे खोलने के प्रयास जारी हैं।