Crime 2024: बीते 2023 साल की तरह 2024 भी कैलेंडर के पलटे हुए पन्नों में कहीं छुप जाएगा। 2024 को अलविदा कहने में कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में हर कोई इस साल की अच्छी और बुरी आदतों को याद करके आगे बढ़ जाएगा। क्राइम के हिसाब से हर साल की तरह 2024 को भी नहीं भुलाया जा सकता। कुछ अपराध जुनून में किए गए तो कुछ ने हत्या करके अपना मन शांत कर लिया। लॉ एंड ऑर्डर होने के बावजूद देश में हर साल अपराध होते रहते हैं। कई अपराध तो ऐसे होते हैं जो सोचने के लिए मजबूर कर देते हैं कि क्या ऐसा भी हो सकता है। ऐसे अपराध देश में सनसनी और डर पैदा करते हैं और कई बार राजनीति का मुद्दा भी बन जाते हैं। 

 

तो चलिए साल 2024 के जाते-जाते एक नजर अपराध की ऐसी घटनाओं पर डालते है जो केवल इस साल में ही नहीं बल्कि लोगों के जेहन में भी हमेशा के लिए दर्ज हो गई। 2024 के खत्म होने के साथ ही उन 10 बड़े जख्मों को कुरेदते हैं या ऐसा कहें कि उन बड़े अपराधों पर नजर डालते हैं जो साल 2024 ने देश को दिखाए। ये थे 2024 के टॉप 10 क्राइम:

 

सीईओ मां ने गोवा के होटल में की चार साल के बेटे की हत्या 

बेंगलुरु की 39 वर्षीय सूचना सेठ  माइंडफुल एआई लैब की फाउंडर और सीईओ थी। सेठ ने अपने चार साल के मासूम बेटे को मार डाला था। यह जघन्य अपराध 6 जनवरी की रात उत्तरी गोवा के कैंडोलिम के एक होटल में किया गया। कातिल मां ने अपने बच्चे की डेड बॉडी को सूटकेस में डाल दिया था और कैब बुक करके गोवा से बैंगलुरु जा रही थी। लाश को ठिकाने के लिए कैब से निकली मां का भंडाफोड़ तब हुआ जब कार की डिक्की की तलाशी ली गई। दरअसल, सूचना का अपने पति से तलाक चल रहा था। कोर्ट ने आदेश दिया था कि पति अपने बेटे से हफ्ते में एक दिन मिल सकता है लेकिन सूचना को यह बात रास नहीं आई और सनक या यूं कहें कि गुस्से में उसने अपने बेटे को ही मार डाला। वो नहीं चाहती थी कि बेटा कभी अपने पिता से मिले। फिहलाल सूचना जेल में बंद है और उसके खिलाफ कोर्ट में केस चल रहा है। 

जब खुद को संजय दत्त बताया और कहा धोखा पसंद नहीं

यूपी के बुलंदशहर में खुद को संजय दत्त कहने वाला साइको किलर इस समय जेल में बंद है। अदनान ऊर्फ बल्लू शादीशुदा होने के बावजूद एक औरत पर फिदा था। महिला भी शादीशुदा थी। दोनों इश्क में डूबे हुए थे लेकिन एक दिन बल्लू को पता चला कि उसकी प्रेमिका अन्य मर्दों से भी बात करती है तो वो गुस्से में आग बबूला हो गया। गर्लफ्रेंड का धोखा बरदाश नहीं कर पाया तो उसे एक दिन मिलने के लिए कब्रिस्तान बुलाया और उसकी निर्मम हत्या कर दी। गिरफ्तारी के दौरान बल्लू ने खुद को संजय दत्त का फैन बताया और कहा कि धोखा मुझे पसंद नहीं।

बरेली की वो घटना जिसमें 11 महिलाओं की हुई बेरहमी से हत्या 

उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने 11 महिलाओं की हत्या करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाओं के साथ एक ही पेटर्न अपनाता। पहले दुष्कर्म करता फिर गला दबाकर मौत के घाट उतार देता। यहीं नहीं निशानी के तौर पर वो महिलाओं की कोई एक ज्वैलरी साथ ले जाता। आरोपी कुलदीप गंगवार बाकरगंज समुआ इलाके का निवासी है। मानसिक स्थिति सही न होने के कारण वो ऐसे क्राइम को अंजाम देता था। दरअसल, कुलदीप की शादी भानपुर गांव की लौंगश्री से हुई थी। पत्नी ने दूसरी शादी कर ली जिसके बाद वह महिलाओं से नफरत करने लगा था। 

कोलकाता आर जी मर्डर केस जिसने पश्चिम बंगाल को हिला दिया

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 9 अगस्त  इतिहास के काले पन्नों में दर्ज रहेगा। आरजी कर अस्पताल के सेमिनार हॉल में एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म कर बेरहमी से मार डाला था। अगले दिन यानी 10 अगस्त को संजय रॉय की गिरफ्तारी हुई थी। बता दें कि संजय पुलिस के लिए वालिंटियर का काम करता था। फिलहाल कोलकाता में मर्डर मामले में वो जेल में बंद है और मामला कोर्ट में चल रहा है। इस अपराध के बाद कोलकाता के डॉक्टरों में सुरक्षा को लेकर डर पैदा हो गया था। आक्रोशित लोगों ने सड़कों पर आकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। 

कर्नाटक का वो केस जब प्रेमिका के 59 टुकड़े कर फ्रिज में रखा

कर्नाटक के बेंगलुरु में 2 सितंबर को महालक्ष्मी नाम की एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पहले से शादीशुदा महालक्ष्मी अपने पति से अलग रहती थी। इस दौरान उसका एक बॉयफ्रेंड बना- रंजन रॉय। ओडिशा का रहने वाला रंजन ने महालक्ष्मी की बेरहमी के हत्या कर लाश के 59 टुकड़े कर फ्रिज में रख फरार हो गया था। जब फ्लैट से बदबू आने लगी तो इस हत्याकांड का खुलासा हुआ। रंजन रॉय की गिरफ्तारी के लिए जब पुलिस ओडिशा पहुंची तो पता चला कि उसने भी आत्महत्या कर ली है। रंजन एक सुसाइड नोट भी छोड़कर गया था जिसमें लिखा था कि महालक्ष्मी उसे बहुत टॉर्चर करती थी। मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर सका और इसलिए उसे मार डाला। 

 

जब लाश के साथ घंटों तक किया दुष्कर्म

गुजरात से एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। एक ऐसा साइको किलर जो बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक को अपना शिकार बनाता था। उसने एक लड़की का कत्ल किया। फिर उसके शव के साथ घंटों तक दुष्कर्म किया। हत्यारे ने केवल एक राज्य नहीं बल्कि 5 राज्यों में अपराध को अंजाम दिया। आरोपी का नाम राहुल सिंह जाट है जो 29 साल का है। वलसाड में एक लड़की की हत्या के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि हत्यारे ने 11 दिन में कुल 5 हत्याएं की थी। फिलहाल वो अभी जेल में बंद है। 

 

दिल्ली का नेब सराय हत्याकांड, जब बेटे ने ही ली माता-पिता और बहन की जान

दिल्ली में हुए तिहरे हत्याकांड ने सबको हैरान कर दिया जब पता चला की 20 वर्षीय बेटे ने ही अपने  माता-पिता और बहन की हत्या कर दी। नेब सराय इलाके में एक दंपति और उनकी बेटी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद उनके बेटे ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय अर्जुन के अपने माता-पिता के साथ संबंध खराब थे और वह इस बात से परेशान था कि वे उससे ज़्यादा उसकी बहन को पसंद करते थे। पुलिस ने बताया कि अर्जुन के पिता अपनी संपत्ति उसकी बहन के नाम करने की योजना बना रहे थे, जिससे अर्जुन नाराज था। 4 दिसंबर की सुबह दिल्ली में उनके घर से राजेश कुमार (51), उनकी पत्नी कोमल (46) और उनकी बेटी कविता के शव बरामद किए गए। अर्जुन ने दावा किया था कि सुबह 5.30 बजे मॉर्निंग वॉक से लौटने पर उसने अपने परिवार के सदस्यों को खून से लथपथ पाया था।

 

लाश के साथ 5 दिन रहा नाबालिग  बेटा

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भाभा रिसर्च इंस्टीट्यूट के साइंटिस्ट की पत्नी की हत्या हुई थी। जांच में खुलासा हुआ कि उसके खुद के नाबालिग बेटे ने ही इस वारदात को अंजाम दिया था। वजह केवल यह कि मां ने स्कूल जाने के लिए बेटे को नींद से जगा दिया था। गुस्से में उसने अपनी मां को जमीन पर धक्का दे दिया जिससे उनका सिर दीवार से टकरा गया। मां को गंभीर हालत में छोड़ बेटा स्कूल चला गया। खून बहने के कारण मां की मौत हो गई। स्कूल से वापस आने के बाद बेटे को पता चला कि उसकी मां की मौत हो गई है। डर से वह अपनी मां के लाश के साथ 5 दिन घर में ही रहा। 6 दिन तक पत्नी से बात नहीं होने पर साइंटिस्ट घर पहुंचा। दरवाजा खोला तो घर से बहुत बदबू आ रही थी। अंदर गए तो देखा कि पत्नी की जमीन पर लाश पड़ी थी। बेटा पिता और पुलिस को गुमराह करने में लगा हुआ था। हालांकि, पोस्टमार्टम के बाद लाश 6 दिन पुरानी निकली तो पुलिस ने बेटे से सख्ती से पूछताछ की जिसके बाद उसने जूर्म कबूल कर लिया।

सुबह-सुबह 2 वारदातों से दहशत में आई दिल्ली

7 दिसंबर को दिल्ली में दो अलग-अलग हत्याओं ने दहला दिया। इन जघन्य अपराध के बाद सत्तारूढ़ आप सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर केंद्र पर निशाना साधा। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शाहदरा में सुबह की सैर पर निकले एक व्यापारी की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि दक्षिणी दिल्ली के गोविंदपुरी में झगड़े के दौरान एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। शाहदरा में पुलिस ने बताया कि यमुना स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स के पास सुनील जैन पर करीब 7-8 राउंड फायरिंग की गई, जब वह स्कूटर से घर लौट रहे थे। 52 वर्षीय बर्तन व्यापारी को 3-4 गोलियां लगीं थी। 

स्कूल के स्टाफ रूम में सहकर्मियों के सामने महिला शिक्षिका को घोंपा चाकू

तमिलनाडु के तंजावुर जिले में 20 नवंबर को हुई एक चौंकाने वाली घटना ने सबको हिला कर रख दिया। स्कूल के स्टाफ रूम में सहकर्मियों के सामने एक अज्ञात हमलावर ने एक महिला शिक्षिका की बेरहमी से चाकू घोंपकर हत्या कर दी। यह घटना राज्य के तंजावुर जिले में स्थित मल्लिपटनम सरकारी स्कूल में हुई, जहां मृतका काम करती थी। पुलिस ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला शिक्षिका पर उस समय हमला किया, जब वह अपने सहकर्मियों के साथ स्कूल के स्टाफ रूम में थी। पुलिस ने बताया कि हमलावर ने शिक्षिका को दिनदहाड़े बेरहमी से चाकू घोंप दिया, इससे पहले कि उसे अस्पताल ले जाया जाए उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस जानलेवा हमले के पीछे निजी कारण बताया।