दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस द्वारा कथित तौर पर हंगामा किए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने देश के कई शहरों में प्रदर्शन किया। दिल्ली, सूरत, मुलुंड और हैदराबाद समेत कई स्थानों पर बीजेपी कार्यकर्ता, समर्थक और युवा मोर्चा के सदस्य सड़कों पर उतरे। महाराष्ट्र के मुलुंड में, जहां कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ठाणे में एक मानहानि मामले में पेशी के लिए जा रहे थे, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए और कांग्रेस विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने 'लश्कर-ए-राहुल' जैसे नारे भी लगाए।
दिल्ली में आयोजित AI समिट के दौरान मंगलवार को कुछ यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता कथित तौर पर सुरक्षा घेरा तोड़कर कार्यक्रम स्थल के हॉल में घुस गए और अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरी, बिहार यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव कुंदन यादव, यूपी यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष अजय कुमार और राष्ट्रीय समन्वयक नरसिम्हा यादव शामिल हैं।
भूपेंद्र यादव का कांग्रेस पर हमला
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारी पहले से कार्यक्रम में व्यवधान डालने की योजना बनाकर आए थे और किसी तरह उच्च सुरक्षा वाले स्थल में प्रवेश के लिए क्यूआर कोड हासिल कर लिए थे। पुलिस ने उनकी पहचान के लिए फेस रिकग्निशन तकनीक का इस्तेमाल किया। मामले में व्यापक साजिश की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बिहार में 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुईं डीपीओ अनीता कुमारी
'कांग्रेस कर रही है देश की छवि खराब'
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस घटना को 'कांग्रेस की पूर्ण निर्लज्जता' बताया है। उन्होंने कहा कि जब भारत वैश्विक तकनीकी शक्ति के रूप में उभर रहा है, तब कांग्रेस देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें: मां बाप को बिना बताए नहीं कर पाएंगे शादी, गुजरात सरकार बदलने वाली है नियम
राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला RSS कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने दायर किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने संघ पर महात्मा गांधी की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया था, जिससे संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा। मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि) के तहत दर्ज किया गया है।
