संजय सिंह, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जैसे ही विधान परिषद से अपना इस्तीफा दिया, राज्य की राजनीति में हंगामा मच गया है। हर तरफ बस यही चर्चा हो रही है कि क्या बिहार को अब नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है। इस पूरे मामले पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने साफ कहा कि बिहार के लोगों ने नीतीश कुमार के चेहरे को देखकर वोट दिया था, इसलिए उनके साथ किसी भी तरह का धोखा नहीं होना चाहिए। पप्पू यादव का मानना है कि बिहार की शांति और मजबूती के लिए नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री बने रहना बहुत जरूरी है।

 

पप्पू यादव ने इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली अभी बहुत दूर है, तो इतनी बेचैनी दिखाने की क्या जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बीजेपी ने जिद में आकर अपना मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश की, तो यह बीजेपी और जेडीयू दोनों के लिए बहुत बुरा होगा। उनके मुताबिक ऐसा करने से दोनों पार्टियों का भविष्य खतरे में पड़ सकता है और जनता उनसे दूर हो जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम वाले प्रेमी को छोड़ बच्चों के लिए लौटी मां, UP में अनोखी घर वापसी

साजिश का आरोप

पप्पू यादव ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि नीतीश कुमार को चारों तरफ से घेरकर फंसाया जा रहा हैं। उनका कहा है कि उन पर दबाव डालकर जबरजस्ती फैसले करवाए जा रहे हैं, जो कि लोकतंत्र के लिए बिल्कुल भी सही नहीं है। उन्होंने नीतीश कुमार को याद दिलाया कि उनकी राजनीती गांधी जी और कर्पूरी ठाकुर जैसे बड़े नेताओं की तरह है, इसलिए उन्हें इन सियासी चालों में आने के बजाय अपने उसूलों पर टिके रहना चाहिए।

जेडीयू से हो नया चेहरा

पप्पू यादव ने एक सुझाव भी दिया है कि अगर किसी वजह से नीतीश कुमार कुर्सी छोड़ते हैं, तो उन्हें अपनी ही पार्टी यानी जेडीयू (JDU) के किसी नेता को आगे लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर बाहर का कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री बना, तो बिहार में कामकाज ठप हो जाएगा और शासन ठीक से नहीं चल पाएगा। इससे विकास के काम रुक जाएंगे और आखिर में बिहार की आम जनता को ही इसका नुकसान उठाना पड़ेगा।

 

यह भी पढ़ें: नेवी के जवान ने प्रेमिका को मार डाला, फ्रिज में मिले शरीर के टुकड़े, सिर गायब

कुर्सी का खेल

पप्पू यादव ने आखिर में कहा कि यह सब सिर्फ एक राजनीतिक खेल है, जिसका जनता के फायदे से कोई लेना-देना नहीं है। यह सिर्फ सत्ता का जोड़-तोड़ है। बिहार की राजनीति आज एक ऐसे मोड़ पर है जहां आने वाले दिनों में बड़े बदलाव हो सकते हैं। अब देखना यह होगा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने रहते हैं या बिहार की कमान किसी और के हाथ में जाती है।