भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी तेज कर दी है। राज्य संगठन को लेकर दिल्ली में हाईकमान की बात पंजाब के नेताओं से हुई। इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गृह मंत्री अमित शाह, पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों समेत पंजाब बीजेपी के बड़े नेता शामिल हुए। इस मीटिंग में पंजाब के सभी नेताओं ने हाईकमान के सामने अपनी बात रखी। मीटिंग में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे की तैयारियों पर चर्चा हुई।
इस मीटिंग में पार्टी ने यह साफ कर दिया है कि वह आगमी विधानसभा चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करने वाले हैं। मीटिंग के बाद पार्टी के तमाम नेताओं ने कहा कि बीजेपी सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। नेताओं ने साफ किया कि गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: क्या पंजाब में 2026 में ही हो जाएंगे विधानसभा चुनाव? एक दावे से शुरू हुई हलचल
क्या बोले नेता?
मीटिंग के बाद बीजेपी नेता परमिंह सिंह बरार ने कहा, 'बीजेपी सभी 117 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी। किसी भी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। संदेश साफ है कि बीजेपी सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी। हम अपना विजन, एजेंडा और दूसरे राज्यों के रिपोर्ट कार्ड पंजाब की जनता के सामने रखेंगे और उनका दिल जीतेंगे। भगवंत मान ने राज्य को गिरवी रख दिया है।'
किन मुद्दों पर हुई बात
- पंजाब की राजनीति और पार्टी संगठन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
- संगठन को मजबूत करने पर चर्चा।
- विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ने का फैसला।
- सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला।
- गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।
यह भी पढ़ें: बिहार: चलती ट्रेन में खून की होली! छिनैती का विरोध करते ही सीने में उतार दी गोली
आगे क्या करेगी बीजेपी?
बीजेपी पंजाब चुनाव में अकेले मैदान में उतरने का मन बना चुकी है। पार्टी कार्यकर्ताओं को सभी 117 सीटों पर तैयारी करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसके साथ ही पार्टी ने नशे के खिलाफ अभियान चलाने का भी फैसला किया है। बता दें कि पंजाब में नशा आज के समय सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है। इसके साथ ही बीजेपी अध्यक्ष के पंजाब दौरे को लेकर भी तैयारियों के निर्देश दिए गए हैं। इस मीटिंग में अमित शाह ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, पंजाब बीजेपी ने अमित शाह ने उनके सात क्या बातचीत की इस बारें सार्वजनिक तौर पर बयान देने से मना कर दिया।
किन मुद्दों पर रहेगा फोकस?
इस मीटिंग के बाद नेताओं ने साफ कर दिया है कि बीजेपी आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव विकास के ऐजेंडे पर लड़ने वाली है। पार्टी के नेता जनता के सामने लेकर जा रहे हैं कि उनकी 22 राज्यों में सरकार है और वहां कैसे काम हो रहा है। हरियाणा के मॉडल को दिखाया जा रहा है और सीएम सैनी को मैदान में उतारा गया है। पार्टी किसानों को MSP देने के मुद्दे पर भी बात कर रही है और नशे के खिलाफ अभियान चलाने की भी बात कर रही है। इसके साथ ही पंजाब की खराब आर्थिक स्थिति का भी मुद्दा उठाया जाएगा।
