पंजाब की मौजूदा विधानसभा का गठन मार्च 2022 में हुआ था और इस विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल मार्च 2027 में खत्म होगा। इस हिसाब से पंजाब में जनवरी या फरवरी 2026 में चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है। इस बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यह बड़ा दावा किया है कि पंजाब विधानसभा चुनाव तय समय से पहले इस साल नवंबर 2026 में हो सकते हैं। उनके इस दावे के बाद पंजाब में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
केजरीवाल ने पंजाब के बठिंडा में मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता मनीष सिसोदिया और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा सहित अन्य नेताओं के साथ रोड शो को संबोधित किया। इसी दौरान उन्होंने कहा, 'मुझे बताया गया है कि चुनाव फरवरी 2027 के बजाय नवंबर 2026 में होंगे। ऐसे में अब केवल चार महीने बचे हैं। हमें अभी से काम में जुट जाना चाहिए और भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री बनाना है।'
यह भी पढ़ें: 'सेल तो लगी है...', 7 सांसदों की संभावित दल-बदल पर बोले शिवसेना (UBT) के नेता
कांग्रेस ने उठाए सवाल?
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के इस दावे के बाद से पंजाब में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने भी अरविंद केजरीवाल के इस दावे पर सवाल उठाए। एक टीवी चैनल पर आयोजित बहस में कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता ने आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता से सवाल किया, 'अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उन्हें बताया गया है। हमारा सवाल है कि वह यह भी बताएं कि उन्हें किसने बताया है।' कांग्रेस पार्टी ने सवाल उठाए कि क्या अरविंद केजरीवाल और बीजेपी आपस में मिले हुए हैं।
क्या बोली बीजेपी?
पंजाब बीजेपी के नेता कल अमित शाह से मिलने और चुनाव की रणनीति पर बात करने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। इस मीटिंग के बाद पूर्व वित्त मंत्री और पंजाब बीजेपी के बड़े नेता मनप्रीत बादल ने अरविंद केजरीवाल के दावे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'इलेक्शन का तो टाइम है, ना तो केजरीवाल साहब को पता है, ना हमें पता है। यह चुनाव आयोग ने फैसला करना है और जो चुनाव होने हैं, वे सिर्फ पंजाब के नहीं होने हैं। पंजाब के साथ यूपी के भी होने हैं, उत्तराखंड के भी होने हैं, गोवा के भी हैं, मणिपुर के भी हैं। सारे स्टेट्स के एक साथ होंगे, तो यह कैसे हो सकता है?'
यह भी पढ़ें: चन्नी, वडिंग या बाजवा में उलझी कांग्रेस, इसीलिए दिल्ली से पंजाब भेजे गए 3 'दूत'?
तैयारी में जुटे राजनीतिक दल
पंजाब में समय से पहले चुनाव होंगे या नहीं इसका जवाब तो चुनाव आयोग ही देगा। हालांकि, नियमों और परंपरा के अनुसार अगले साल की शुरुआत में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने की संभावना ज्यादा प्रबल है। इस बीच तमाम राजनीतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं। कांग्रेस पार्टी राज्य में यात्रा की तैयारी कर रही है। आम आदमी पार्टी के नेता मैदान में उतर चुके हैं। बीजेपी के नेता भी रणनीति बना रहे हैं और संगठन में बदलाव कर रहे हैं।