लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की सत्ता पर आसीन भारतीय जनता पार्टी पर रविवार को जोरदार हमला बोला। उन्होंने बीजेपी पर 'भारत के विचार' पर हमला करने का आरोप लगाया। साथ ही राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनके करीबी कुछ उद्योगपतियों का पक्ष लेने का आरोप लगाया है।

 

सांसद राहुल गांधी ने ये सभी आरोप एक कार्यक्रम में बोलते हुए लगाए हैं। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से इसका एक वीडियो शेयर किया है। रायबरेली से कांग्रेस सांसद ने कहा कि देश की संपत्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुछ करीबी लोगों के हाथों में जा रही है, जबकि देश में बेरोजगारी और बढ़ती कीमतें लाखों लोगों को प्रभावित कर रही हैं।

 

भारत के विचार पर हमला

 

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, 'आज भारत के विचार पर हमला किया जा रहा है। इस पर बीजेपी की विचारधारा हमला कर रही है। भारत की संपत्ति करोड़ों भारतीयों से छीनी जा रही है। प्रधानमंत्री और बीजेपी के करीबी कुछ व्यापारियों को संपत्ति सौंपी जा रही है। देश में बेरोजगारी फैल रही है। चीजों की कीमतें बढ़ रही हैं। हमारी इसी के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।'

 

बीजेपी ने साधा राहुल पर निशाना

 

गांधी ने वीडियो में कहा, 'हमारी लड़ाई भारत के दो अलग-अलग विचारों को लेकर है। लड़ाई दो राजनीतिक ग्रुप के बीच नहीं है। लड़ाई भारत के विचार की रक्षा के लिए है।' इस बीच, शनिवार को बीजेपी ने राहुल गांधी पर अपने निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली के मुकाबले में विदेश में ज्यादा समय बिताने को लेकर हमला किया। बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा पर सवाल उठाया। उन्होंने राहुल पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें देश से कितना लगाव है इसे बताने की जरूरत है। 

 

यह भी पढ़ें: भगवंत मान 5 साल CM रहेंगे या नहीं? केजरीवाल ने अमृतसर में दिया जवाब

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सवाल पूछते हुए कहा, 'राहुल गांधी कहां हैं? मैंने सुना है कि वह वियतनाम गए हैं।' साथ ही प्रसाद ने कर्नाटक सरकार पर सरकारी ठेकों में मुसलमानों को चार फीसदी आरक्षण देने के फैसले को लेकर भी हमला बोला।