विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस झटकों से उबर नहीं पा रही है। बुधवार को वरिष्ठ महिला सांसद काकोली घोष दस्तीकार ने तृणमूल महिला कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया। अब गुरुवार को पूर्व सांसद डॉ. शांतनु सेन ने राष्ट्रीय प्रवक्ता का पद भी छोड़ दिया है। कुछ दिन पहले ही ममता बनर्जी ने काकोली घोष दस्तीकार को लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक के पद से हटाया था। उनकी जगह कल्याण बनर्जी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
अब शांतनु सेन के इस्तीफे को भी टीएमसी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अपने इस्तीफे में शांतनु ने भ्रष्टाचार, आरजी कर केस और 'कैश फॉर जॉब' का जिक्र किया और कहा कि जब जनता ने हमें नकार दिया है तो एक प्रवक्ता के तौर पर इनका समर्थन करना उचित नहीं है।
यह भी पढ़ें: सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा, राज्यपाल कर्नाटक में नहीं; लौटकर लेंगे फैसला
'भ्रष्टाचार और अनैतिक कामों से जनता ने हमें नकार दिया'
टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी को लिखे पत्र में शांतनु सेन ने कहा, 'भले ही कई मुश्किल मौकों पर मैं उनके विचारों से सहमत नहीं था, फिर भी मैंने मीडिया में कई विवादित मुद्दों पर पार्टी के लिए खुलकर लड़ाई लड़ी। इसके लिए आम लोगों ने अक्सर मेरी तारीफ की। मगर मौजूदा हालात में जब बंगाल की जनता ने आरजी कर केस, अभया केस और 'कैश फॉर जॉब' भ्रष्टाचार जैसे कई अनैतिक कामों और भ्रष्टाचार की वजह से हमें नकार दिया है तो मेरा मन अब एक प्रवक्ता के तौर पर किसी भी तरह से उनका समर्थन करने को तैयार नहीं है।'
उन्होंने आगे लिखा कि इस कारण जनता के फैसले को ध्यान में रखते हुए मैं तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय प्रवक्ता के पद से इस्तीफा देना चाहता हूं। कृपया मेरे इस्तीफे को स्वीकार करें और इसका सम्मान करें।
यह भी पढ़ें: गया में बंद पड़े घर से मिली थी ड्रग्स, पूर्व सांसद के बेटे तक पहुंची जांच की आंच
सीएम सुवेंदु बहुत मेहनती, टीएमसी सांसद ने की तारीफ
दूसरी तरफ टीएमसी सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने पश्चिम बंगाल की बीजेपी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'सुवेंदु अधिकारी की अगुवाई में नई सरकार ने अब तक जो काम किए हैं और जो कदम उठाए हैं, उनसे आम जनता इस समय बहुत खुश है। सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। एक सरकार को ठीक इसी तरह काम करना चाहिए... वह (सीएम सुवेंदु अधिकारी) बहुत मेहनती हैं। मुझे शायद ही कभी कोई ऐसा नेता मिला हो जो उनके जितना मेहनती हो।'
