इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 9वां मुकाबला और गुजरात टाइटंस बनाम राजस्थान रॉयल्स की भिडंत, इससे दिलचस्प और क्या हो सकता है। जगह वही है, जहां दोनों टीमों के हिंदुस्तानी खिलाड़ियों ने महज एक महीने पहले वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। अब बारी, आपस में टकराने की है।
राजस्थान रॉयल्स ने नए कप्तान रियान के अगुवाई में IPL 2026 की शुरुआत धमाकेदार तरीके से की है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हरा दिया। नए खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टीम को आसान जीत दिलाई। अब रॉयल्स अपनी जीत की लय जारी रखना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें: DC vs MI का मुकाबला कहां देखें, पिच रिपोर्ट से प्लेइंग 11 तक, हर सवाल का जवाब
गुजरात टाइटंस की वापसी होगी?
गुजरात टाइटंस अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स से हार गई थी। अब कप्तान शुभमन गिल की टीम घरेलू मैदान पर वापसी करना चाहेगी। गिल ने हार के बावजूद 39 रनों की अच्छी पारी खेली थी। वह IPL में 4000 रन बनाने से सिर्फ 95 रन दूर हैं। यहां कमाल दिखाने की कोशिश तो पूरी होगी।
किन खिलाड़ियों पर नजर रहेगी?
नरेंद्र मोदी स्टेडियम के लिए आज का दिन खास होने वाला है। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और शुभमन गिल का टकराव देखने लायक होगा। आर्चर ने टी20 में गिल को 3 बार आउट किया है। शुभमन गिल सिर्फ 16 रन स्कोर कर पाए हैं,चुनौती 95 रन बनाने की है, जिससे IPL में उनके 4000 रन पूरे हो पाएं।
जोफ्रा आर्चर वही खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 19 रन पर 2 विकेट चटकाए थे। कागिसो रबाडा के सामने चुनौती है कि बेहद कम अनुभव वाले वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी को रोक पाएं। सूर्यवंशी ने पिछले मैच में 17 गेंदों पर 52 रन बनाए थे। इस बार भी वह यही कमाल न दोहरा दें।
यह भी पढ़ें: जब मिले आशीष नेहरा और वैभव सूर्यवंशी, तो ग्राउंड में कुछ ऐसा हुआ जो हो गया वायरल
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में कैसा रहा है मुकाबला?
दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मैच खेले गए हैं। गुजरात टाइटंस ने 6 मैच जीते हैं जबकि राजस्थान रॉयल्स ने 2। साल 2022 के फाइनल में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को हराया था।
क्या कह रही है पिच रिपोर्ट?
अहमदाबाद में शनिवार को मौसम गर्म और नम रहेगा। आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बहुत कम है। मैच के दौरान तापमान 26 से 32 डिग्री के बीच रहेगा। हल्की हवा तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद दे सकती है। पिच बल्लेबाजों के अनुकूल रहने की उम्मीद है। अच्छी बाउंस वाली सतह पर हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है।
कब शुरू होगा मैच, कहां देखें?
मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। टॉस 7 बजे किया जाएगा। टीवी पर आप मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं और ऑनलाइन जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग कर सकते हैं।
प्लेइंग 11, क्या हो सकती है?
- गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
- राजस्थान रॉयल्स: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा, नांद्रे बर्गर।
