इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, मुंबई इंडियंस (MI) की परेशानियां भी बढ़ती चली जा रही हैं। रोहित शर्मा की फिटनेस और जसप्रीत बुमराह-सूर्यकुमार यादव की फॉर्म के बाद अब कप्तान हार्दिक पंड्या के लचर प्रदर्शन ने टीम की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। शनिवार (2 मई) को उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ छठे नंबर पर आकर 23 गेंद में सिर्फ 18 रन बनाए। 

 

हार्दिक उस समय बल्लेबाजी करने उतरे जब MI की टीम 12.5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 109 रन बना चुकी थी। तिलक वर्मा अभी-अभी आउट हुए थे। नमन धीर एक छोर पर सेट होकर खेल रहे थे। ऐसे में हार्दिक पर जिम्मेदारी थी कि वह नमन के साथ मिलकर MI को बड़े स्कोर तक पहुंचाएं लेकिन उनकी धीमी बल्लेबाजी ने रन गति पर लगाम लगा दिया।

 

यह भी पढ़ें: स्पिन के सामने फंस रहे हैं तिलक, पेस से परेशान सूर्या, MI करे तो क्या करे?

बड़े शॉट लगाने में असफल रहे हार्दिक

विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर हार्दिक तेजी से रन नहीं जुटा पा रहे थे, जिससे नमन धीर (37 गेंद में 57 रन)पर भी दबाव बढ़ा और वह बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद हार्दिक से उम्मीद थी कि वह बेड़ियां तोड़ेंगे लेकिन 15वें ओवर के बाद उनके बल्ले से अगली बाउंड्री आखिरी ओवर की पहली गेंद पर आई। इसके बाद उन्होंने डॉट बॉल खेला और फिर अंशुल कम्बोज की अगली गेंद पर वह छक्का लगाने के प्रयास में डेवाल्ड ब्रेविस के हाथों लपक लिए गए।

 

डेथ ओवर्स में हार्दिक की गिनती दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में होती है लेकिन इस फेज में वह बड़े शॉट लगाने में फेल रहे, जिससे एक समय 180 प्लस स्कोर बनाती दिख रही MI मुश्किल से 150 का आंकड़ा पार कर पाई।

 

यह भी पढ़ें: महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान, नंदनी शर्मा को मिली जगह

बल्ला और गेंद दोनों से फ्लॉप रहे हैं हार्दिक

IPL 2026 में हार्दिक की कप्तानी पर काफी चर्चा हुई है। उनके ऑन फील्ड फैसलों ने आलोचकों का ध्यान खींचा है लेकिन उनके प्रदर्शन पर नजर डालें तो असली समस्या यहां दिखती है। मौजूदा सीजन में हार्दिक अब तक 8 पारियों में 20.85 की औसत से 146 रन ही बना पाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 136.44 का रहा है। गेंदबाजी की बात करें तो हार्दिक 7 पारियों में महज 4 ही विकेट चटका पाए हैं। उनकी इकॉनमी 12 से ऊपर है, जो सबसे ज्यादा चिंताजनक है।