भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट बर्मिंघम के एजबेस्टन में जारी है। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में अपनी पहली पारी में 587 रन का स्कोर खड़ा किया है। कप्तान शुभमन गिल ने 269 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जिसमें 30 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। शुभमन टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बने। उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ा। कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2019 में पुणे टेस्ट में 254 रन बनाए थे।

 

शुभमन के अलावा रवींद्र जडेजा ने 89, जबकि यशस्वी जायसवाल ने 87 रन का योगदान दिया। आठवें नंबर पर उतरे वॉशिंगटन सुंदर ने 42 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से स्पिनर शोएब बशीर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। हालांकि इसके लिए उन्होंने 167 रन खर्च किए। क्रिस वोक्स और जोश टंग को दो-दो सफलता मिली। भारतीय टीम ने अपनी पारी में 151 ओवर बैटिंग की। इंग्लैंड की हालत ये हो गई थी कि उसे टीम इंडिया को ऑलआउट करने के लिए 7 गेंदबाजों का इस्तेमाल करना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें: इंग्लैंड ने एजबेस्टन में बाउंड्री कराई छोटी, क्या है ICC का नियम?

भारत ने बनाया ये रिकॉर्ड

टीम इंडिया ने पहले दिन 211 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। शुभमन गिल ने यहां से रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और स्टंप्स तक भारत का स्कोर 310/5 पहुंचा दिया। शुभमन और जडेजा आज (3 जुलाई) भारतीय पारी को आगे बढ़ाते हुए 400 के पार ले गए। जडेजा ने 89 रन बनाकर आउट होने से पहले शुभमन के साथ 203 रन की साझेदारी की। उनके जाने के बाद शुभमन को वॉशिंगटन सुंदर का साथ मिला। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 144 रन की पार्टनरशिप हुई।

 

इन दो बड़ी साझेदारियों की मदद से 211 रन पर आधी टीम सिमटने के बावजूद भारत ने 376 रन और जोड़े। यह टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले भारतीय टीम ने 2013 में कोलकाता टेस्ट में 83 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद 370 रन जोड़े थे।

 

यह भी पढ़ें: विंबलडन में उलटफेर का दौर जारी, 2018 के बाद पहली बार हुआ ऐसा

शुभमन गिल ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी 

भारतीय कप्तान शुभमन गिल कल 114 रन पर नाबाद लौटे थे। उन्होंने आज दूसरे सेशन में अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक पूरा किया। वह इंग्लैंड की सरजमीं पर डबल सेंचुरी जड़ने वाले पहले भारतीय कप्तान बने। 25 साल के शुभमन ने बतौर टेस्ट कप्तान दोहरा लगाने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय कप्तान बनने की भी उपलब्धि हासिल की। टी-ब्रेक के बाद वह तिहरे शतक की ओर तेजी से बढ़ रहे थे लेकिन जोश टंग की शॉर्ट बॉल ट्रैप में फंस गए। हालांकि तब वह अपना काम कर चुके थे। उनका विकेट 574 के स्कोर पर गिरा। इसके बाद आखिरी दो विकेट ने 13 रन जोड़े।

टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय कप्तान:

  • मंसूर अली खान पटौदी - 23 साल 39 दिन - बनाम इंग्लैंड, दिल्ली, 1964
  • शुभमन गिल - 25 साल 298 दिन - बनाम इंग्लैंड, एजबेस्टन, 2025
  • सचिन तेंदुलकर - 26 साल 189 दिन - बनाम न्यूजीलैंड, अहमदाबाद, 1999
  • विराट कोहली - 27 साल 260 दिन - बनाम वेस्टइंडीज, नॉर्थ साउंड, 2016