इंग्लैंड दौरे पर शुभमन गिल के बल्ले से रन बरस रहे हैं। शुभमन ने एजबेस्टन टेस्ट के दूसरे दिन ऐतिहासिक दोहरा शतक जड़ दिया है। उन्होंने भारतीय पारी के 122वें ओवर में सिंगल लेकर अपने टेस्ट करियर की पहली डबल सेंचुरी पूरी की। शुभमन इंग्लैंड में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं।
कप्तान बनने के बाद शुभमन की यह तीसरी ही पारी थी। उन्होंने बतौर कप्तान डबल सेंचुरी लगाने के लिए सबसे कम पारी लेने के मामले में सुनील गावस्कर के भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी की। लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर ने 1978 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वानखेड़े में 205 रन की पारी खेली थी।
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल ने रचा इतिहास, कप्तान बनते ही हासिल की बड़ी उपलब्धि
कोहली-सचिन सब छूटे पीछे
शुभमन गिल इस मुकाबले के पहले दिन 114 रन पर नाबाद लौटे थे। आज (3 जुलाई) उन्होंने अपने शतक को दोहरे शतक में तब्दील किया। इंग्लैंड दौरा शुरू होने से पहले शुभमन को कप्तान बनाए जाने पर सवाल उठ रहे थे। कहा जा रहा था कि SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में उनका प्रदर्शन ठीक नहीं है। उन्होंने कोई शतक नहीं लगाया है। ऐसे में उन्हें कप्तान बनाना गलत फैसला है।
25 साल के शुभमन ने अपने बल्ले से आलोचकों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने लीड्स टेस्ट की पहली पारी में 147 रन जड़े थे। अब वह SENA देशों में दोहरा शतक ठोकने वाले पहले भारतीय कप्तान बने हैं। इतना ही नहीं, शुभमन टेस्ट क्रिकेट में डबल सेंचुरी पूरा करने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय कप्तान हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा।
टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय कप्तान:
- मंसूर अली खान पटौदी - 23 साल 39 दिन - बनाम इंग्लैंड, दिल्ली, 1964
- शुभमन गिल - 25 साल 298 दिन - बनाम इंग्लैंड, एजबेस्टन, 2025
- सचिन तेंदुलकर - 26 साल 189 दिन - बनाम न्यूजीलैंड, अहमदाबाद, 1999
- विराट कोहली - 27 साल 260 दिन - बनाम वेस्टइंडीज, नॉर्थ साउंड, 2016
यह भी पढ़ें: विंबलडन में उलटफेर का दौर जारी, 2018 के बाद पहली बार हुआ ऐसा
भारत का स्कोर 500 के पार
शुभमन ने दोहरा शतक लगाने के बाद गियर बदला और शोएब बशीर को लगातार दो जबकि हैरी ब्रूक की गेंद पर हैट्रिक चौका लगाया। भारत का स्कोर 500 के पार पहुंच गया है। शुभमन 340 गेंद में 234 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अपनी पारी में 27 चौके और 2 छक्के लगाए हैं। वॉशिंगटन सुंदर (26) उनका साथ निभा रहे हैं।