कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने धांसू कमबैक करते हुए पंजाब किंग्स (PBKS) को 201 रन पर रोक दिया है। आईपीएल 2025 के 44वें मुकाबले में PBKS ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 14 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 158 रन बना लिए थे। ऐसा लग रहा था वह आराम से 230 के आस-पास पहुंच जाएगी लेकिन आखिरी ओवरों में उसकी पारी पटरी से उतर गई। PBKS अंतिम 6 ओवर में 43 रन ही बना सकी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम ने 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर 200 का आंकड़ा पार किया।

 

प्रभसिमरन-प्रियांश की शतकीय साझेदारी

 

प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य की ओपनिंग जोड़ी ने 11.5 ओवर में 120 रन की पार्टरनशिप की। अपना पहला आईपीएल सीजन खेल रहे 23 साल के प्रियांश ने 35 गेंद में 69 रन ठोके, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वह आंद्र रसेल का शिकार बने। उनके जाने के बाद प्रभसिमरन ने मोर्चा संभाला और 13वें ओवर में चेतन साकरिया के खिलाफ लगातार दो चौके लगाने के बाद छक्का जड़ा। अगले ओवर में प्रभसिमरन ने वरुण चक्रवर्ती को राडार पर लिया। उन्होंने वरुण के ओवर में 19 रन बटोरे। 

 

प्रभसिमरन की तूफानी पारी पर वैभव अरोड़ा ने ब्रेक लगाया। प्रभसिमरन ने 49 गेंद में 6 चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 83 रन की पारी खेली। उनका विकेट 160 के स्कोर पर गिरा। इसके बाद बैटिंग करने आए ग्लेन मैक्सवेल ने एक बार फिर निराश किया। मैक्सवेल 8 गेंद में 7 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।

 

यह भी पढ़ें: होम ग्राउंड पर खराब प्रदर्शन के बाद भी ट्रॉफी जीत पाएगी RCB?

 

 

बैटिंग ऑर्डर में बदलाव PBKS को पड़ा भारी

 

मैक्सवेल जब आउट हुए, उस समय PBKS की पारी में 20 गेंद बची थी और उनका स्कोर 172 रन पर 2 विकेट था। पंजाब किंग्स को यहां से उड़ान भरने के लिए बड़े शॉट्स की जरूरत थी लेकिन बैटिंग ऑर्डर में बदलाव उन्हें भारी पड़ गया। शशांक सिंह, नेहाल वढेरा और जोश इंग्लिस से पहले मार्को यानसन को भेजा गया। यानसन डेथ ओवर्स में 7 गेंद में 3 रन ही बना सके। श्रेयस अय्यर भी आज लय में नहीं नजर आए। उन्होंने 16 गेंद में नाबाद 25 रन बनाए। जोश इंग्लिस ने 6 गेंद में नाबाद 11 रन का योगदान दिया। केकेआर के लिए वैभव अरोड़ा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।

 

यह भी पढ़ें: कामिंदु मेंडिस ने लपका हैरतअंगेज कैच, चेपॉक में पसरा सन्नाटा, VIDEO

 

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI: 

 

कोलकाता नाइट राइडर्स - रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, सुनील नरायण, आंद्रे रसेल, रोवमन पॉवेल, वैभव अरोड़ा, चेतन साकरिया, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती

 

इम्पैक्ट प्लेयर लिस्ट - अंगकृष रघुवंशी


पंजाब किंग्स - प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), शशांक सिंह, नेहाल वढेरा, ग्लेन मैक्सवेल, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसन, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह


इम्पैक्ट प्लेयर लिस्ट - हरप्रीत बराड़