बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत में यश दयाल एक बार फिर हीरो बनकर उभरे हैं। यश दयाल ने आईपीएल 2025 के 52वें मुकाबले में आखिरी ओवर में 14 रन डिफेंड कर आरसीबी को पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पर पहुंचा दिया है। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 20वें ओवर की पहली 2 गेंद पर 2 रन दिए थे और फिर तीसरी गेंद पर उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी का बड़ा विकेट झटका। 

 

अगली गेंद उन्होंने शिवम दुबे को कमर के ऊपर डाली, जिसे बल्लेबाज ने छह रन के लिए भेजा। सीएसके ने रिव्यू किया और तीसरे अंपायर ने इसे नो-बॉल करार दिया। अब सीएसके को 3 गेंद में 6 रन चाहिए थे और अगली गेंद फ्री-हिट थी। यश दयाल ने फ्री-हिट गेंद फुल टॉस डाली, जिस पर 1 रन गए। इसके बाद उन्होंने अगली दो गेंद पर सिर्फ 2 रन दिए और सीएसके से मैच छीन लिया। 214 रन के टारगेट का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स 211 रन ही बना सकी और 2 रन से मैच गंवा बैठी। यश दयाल ने पिछले सीजन इसी मैदान पर सीएसके को आखिरी ओवर में 16 रन नहीं बनाने दिए थे, जिससे आरसीबी को प्लेऑफ का टिकट मिला था।

 

यह भी पढ़ें: कगिसो रबाडा ने बीच में क्यों छोड़ा IPL? खुद किया चौंकाने वाला खुलासा

 

 

शेफर्ड ने RCB को बड़े स्कोर तक पहुंचाया

 

सीएसके ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। विराट कोहली और जैकब बेथेल ने 9.5 ओवर में 97 रन की ओपनिंग साझेदारी कर आरसीबी को धाकड़ शुरुआत दिलाई। बेथेल 33 गेंद में 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 55 रन की पारी खेलकर मथीशा पथिराना का शिकार बने। सैम करन ने विराट कोहली का विकेट निकाला। कोहली ने 33 गेंद में 5 चौके और 5 छक्के उड़ाते हुए 62 रन ठोके। उनका विकेट 12वें ओवर में 121 के स्कोर पर गिरा। कोहली के आउट होने के बाद आरसीबी की पारी धीमी हो गई। 

 

18 ओवर की समाप्ति पर उसका स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 159 रन ही था। यहां से रोमारियो शेफर्ड ने आईपीएल इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक ठोक आरसीबी को 213 रन तक पहुंचा दिया। शेफर्ड ने 14 गेंद में 4 चौके और 6 छक्के की मदद से नाबाद 53 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी की बदौलत आरसीबी ने आखिरी 2 ओवर में 54 रन बटोरे, जिसने मैच में बड़ा अंतर पैदा किया।

 

यह भी पढ़ें: RCB के 'गुडलक' के लिए पैसे डोनेट कर रहे लोग? ये वीडियो देखा क्या आपने

 

आयुष म्हात्रे की 94 रन की पारी गई बेकार

 

विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आयुष म्हात्रे और शेख रशीद की युवा ओपनिंग जोड़ी ने सीएसके को जबरदस्त शुरुआत दिलाई। उन्होंने 4 ओवर में स्कोर 49 रन पहुंचा दिया था। 17 साल के आयुष म्हात्रे ने चौथे ओवर में भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ 26 रन बटोरे। उन्होंने इस ओवर में 5 चौके और 1 छक्का जड़ा। शेख रशीद 11 गेंद में 14 रन बनाकर क्रुणाल पंड्या की गेंद पर आउट हुए। सैम करन भी पावरप्ले के अंदर चलते बने। इसके बाद आयुष म्हात्रे और रवींद्र जडेजा ने चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर मैच का रुख सीएसके की ओर मोड़ दिया।

 

आयुष म्हात्रे ने 25 गेंद में फिफ्टी पूरी करने के बाद लगातार बड़े शॉट खेल जरूरी रन रेट को कभी ऊपर नहीं जाने दिया। दूसरे छोर से रवींद्र जडेजा ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंद में अर्धशतक जड़ा। सीएसके को जीत के लिए आखिरी 4 ओवर में 43 रन चाहिए थे। आयुष म्हात्रे 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 48 गेंद में 94 रन की दमदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वह भले ही शतक से चूक गए लेकिन उन्होंने मैच बना दिया था। आयुष म्हात्रे का विकेट लेने के बाद लुंगि एनगिडी ने अगली ही गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस को LBW आउट कर दिया। टाइमर स्क्रीन पर नहीं दिखने के चलते ब्रेविस रिव्यू नहीं ले सके। अगर वह अंपायर के फैसले को चैलेंज करते तो नॉट आउट रहते। यही से मैच में आरसीबी ने वापसी कर ली।

 

 

रवींद्र जडेजा और महेंद्र सिंह धोनी के आखिरी ओवर तक क्रीज पर रहते सीएसके ने जीती हुई बाजी गंवा दी। जडेजा 45 गेंद में 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 77 रन बनाकर नाबाद रहे। आरसीबी की ओर से एनगिडी ने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं यश दयाल और क्रुणाल पंड्या को एक-एक सफलता मिली।