IPL 2026 का 30वां मैच गुजरात टाइटंस (GT) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जा रहा है। यह मुकाबला 20 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रहा है। मुंबई इस मैच को हर हाल में जीतना चाहेगी, क्योंकि पॉइंट्स टेबल में टीम की हालत अभी काफी खराब है। इस मैच में टॉस गुजरात ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। खास बात यह है कि इस मुकाबले में मुंबई की जर्सी में दो खिलाड़ी अपना IPL डेब्यू भी कर रहे हैं।

 

IPL 2026 में अभी तक गुजरात और मुंबई दोनों ने 5-5 मैच खेल लिए हैं। इन 5 मुकाबलों में गुजरात टाइटंस ने 3 मैच जीते हैं और 2 में हार मिली है। टीम का नेट रन रेट +0.018 है और फिलहाल पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर बनी हुई है। वहीं दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस की हालत इससे बिल्कुल उलट है। मुंबई ने 5 मैचों में सिर्फ 1 जीत हासिल की है, जबकि 4 मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी है। -1.076 के खराब नेट रन रेट के साथ मुंबई की टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर है।

 

यह भी पढ़ें: 7 मैच में 1 जीत के बावजूद जिंदा हैं KKR की प्लेऑफ की उम्मीदें, समझिए पूरा समीकरण

MI की जर्सी में इन 2 खिलाड़ियों ने किया IPL डेब्यू

टॉस हारने के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा, 'मुझे लगता है कि हमें ओवरऑल बेहतर क्रिकेट खेलना होगा। मैं किसी एक चीज को नहीं बता सकता। हमारे लिए दो खिलाड़ी डेब्यू कर रहे हैं। दानिश मालेवार मुंबई इंडियंस के लिए अपना पहला मैच खेल रहे हैं। वहीं कृष भगत भी, जो पहले सपोर्ट बॉलर्स का हिस्सा थे, उन्होंने हमें काफी इम्प्रेस किया। वो तीन दिन पहले ही टीम में आए और आज खेल रहे हैं।'

कौन हैं दानिश मालेवार और कृष भगत?

दानिश मलेवार विदर्भ के एक युवा बल्लेबाज हैं। घरेलू क्रिकेट में उनके जबरदस्त प्रदर्शन का ही नतीजा है कि उन्हें IPL 2026 का कॉन्ट्रैक्ट मिला। उन्होंने दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में अपनी पहली फर्स्ट-क्लास डबल सेंचुरी भी ठोकी थी। खास बात यह है कि दानिश ने अब तक सिर्फ फर्स्ट-क्लास क्रिकेट ही खेला है और वो भी कुल 13 मैच। इसके बावजूद मुंबई इंडियंस ने उन पर भरोसा दिखाया और उन्हें उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप 2027 तक अजीत अगरकर ही क्यों रहेंगे टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर?

 

पंजाब के 21 साल के ऑलराउंडर कृष भगत को कुछ दिन पहले मुंबई इंडियंस के चोटिल खिलाड़ी अथर्व अंकोलेकर की जगह टीम में शामिल किया गया था। अब कृष गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में अपना IPL डेब्यू कर रहे हैं। कृष पिछले 2 साल से मुंबई इंडियंस के ट्रायल्स का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 2026 में डीवाई पाटिल टी20 कप में रिलायंस टीम के लिए खेला था और इस सीजन की शुरुआत से ही टीम के साथ सपोर्ट बॉलर के तौर पर जुड़े हुए थे।

GT vs MI की प्लेइंग-11

  • गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, अशोक शर्मा।
    इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, मानव सुथार, कुलवंत खेजरोलिया, अनुज रावत।
  • मुंबई इंडियंस: दानिश मालेवार, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सेंटनर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर।
    इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: राज बावा, अश्विनी कुमार, कॉर्बिन बॉश, मयंक रावत, रघु शर्मा।