इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का रोमांच आज कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर पहुंचने वाला है, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच सीजन का छठा मुकाबला खेला जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही टीमों ने अपने अभियान की शुरुआत हार के साथ की है। पिछले मैचों में 200 से अधिक का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद दोनों टीमों के गेंदबाज उस लक्ष्य की रक्षा करने में नाकाम रहे थे। ऐसे में आज की जीत न केवल पॉइंट्स टेबल में खाता खोलेगी, बल्कि टीम के आत्मविश्वास को भी वापस लौटाएगी। ऐसे में जानें इस मैच को कब और कहां देख सकते हैं।
KKR और SRH, दोनों के लिए फिलहाल सबसे बड़ी चिंता उनका बॉलिंग डिपार्टमेंट है। पिछले मुकाबले में कोलकाता के गेंदबाजों के खिलाफ मुंबई इंडियंस ने बेहद आसानी से रन बनाए और मैच जीत लिया। दूसरी ओर, हैदराबाद की स्थिति और भी खराब रही, जहां RCB के बल्लेबाजों ने 201 रनों का पीछा महज 15.4 ओवरों में ही कर लिया। KKR की बल्लेबाजी तो फॉर्म में दिख रही है लेकिन हैदराबाद को अपने आक्रामक ओपनिंग जोड़ी ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा से एक बड़ी और विस्फोटक शुरुआत की उम्मीद होगी।
यह भी पढ़ें: टीनएजर मचाएंगे IPL 2026 में तहलका, ये युवा खिलाड़ी बन सकते हैं गेमचेंजर
ईडन गार्डन्स पिच रिपोर्ट और कोलकाता का मौसम हाल
कोलकाता के ईडन गार्डन्स की पिच पिछले IPL सीजन में बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार रही थी। यहां ज्यादातर मुकाबलों में 200 के आसपास स्कोर बना, जिससे एक बार फिर हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद है। हाल ही में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने 170 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में हासिल कर लिया था, जो पिच की बल्लेबाजी अनुकूलता दिखाता है। ऐसे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना फायदे का सौदा हो सकता है।
अगर मौसम की बात करें तो कोलकाता में दिन के समय काफी गर्मी रहेगी लेकिन मैच के दौरान तापमान थोड़ा गिरकर करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा। आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और हल्की हवा भी चलती रहेगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है, यानी फैंस बिना किसी रुकावट के पूरा मैच एंजॉय कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 8 मिनट तक चला अंपायरिंग ड्रामा, फिर अय्यर पर क्यों लगा 12 लाख का जुर्माना?
कब और कहां देखें KKR vs SRH मुकाबला?
फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि वे इस हाई-वोल्टेज मैच का मजा कई अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर ले सकते हैं। यह मुकाबला आज 2 अप्रैल 2026 को शाम 7:30 बजे शुरू होगा और टॉस शाम 7:00 बजे होगा। टीवी पर देखने वालों के लिए स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर इसका सीधा प्रसारण उपलब्ध होगा। वहीं डिजिटल दर्शकों के लिए एक बड़ी राहत यह है कि वे इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर बिल्कुल मुफ्त देख सकते हैं।
KKR vs SRH संभावित प्लेइंग-11
- कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी, कार्तिक त्यागी।
- सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, डेविड पायने/जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट।
