इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का 18वां मैच शनिवार, 11 अप्रैल को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (DC) से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच काफी अहम माना जा रहा है, खासकर चेन्नई के लिए, जो इस समय खराब फॉर्म से जूझ रही है। CSK ने IPL 2026 में अब तक तीन मैच खेले हैं लेकिन चेन्नई तीनों ही हार गई है। दूसरी ओर, DC इस सीजन में अब तक तीन में से दो मैच जीतने में कामयाब रही है।
अगर CSK और DC के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो चेन्नई का दबदबा साफ दिखाई देता है। CSK और DC के बीच अब तक 31 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें चेन्नई ने 19 मैच जीते हैं, जबकि दिल्ली को 12 में जीत मिली है। खास बात यह है कि चेपॉक में खेले गए पिछले 8 मुकाबलों में दिल्ली सिर्फ एक बार ही जीत हासिल कर पाई है। ऐसे में घरेलू मैदान पर CSK को मनोवैज्ञानिक बढ़त मिल सकती है।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के रडार पर आए भुवनेश्वर-हेजलवुड, सिर्फ 15 गेंदों में ठोका अर्धशतक
पिच और मौसम का अहम रोल
चेपॉक की पिच पारंपरिक रूप से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है लेकिन इस सीजन बल्लेबाजों को भी यहां अच्छी मदद मिल रही है। ऐसे में आज का मुकाबला 175 से 190 रन के स्कोर वाला हो सकता है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा ओस का असर बल्लेबाजी को आसान बना देगा।
मौसम की बात करें तो मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि नमी 75 से 81 प्रतिशत तक जा सकती है, जो दूसरी पारी में बड़ा फैक्टर साबित होगी।
यह भी पढ़ें: RR vs RCB: राजस्थान रॉयल्स की लगातार चौथी जीत, RCB को 6 विकेट से हराया
यहां देखें लाइव मुकाबला
चेन्नई की ओर से कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और शिवम दुबे पर रन बनाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी, वहीं संजू सैमसन के अनुभव का टीम लाभ उठाना चाहेगी। दिल्ली की टीम केएल राहुल, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों के साथ मैदान पर उतरेगी। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस का समय 7 बजे निर्धारित है। फैंस इस मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, जबकि मोबाइल और लैपटॉप पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध रहेगी। आपको बता दें कि आप इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग का मजा जियोहॉटस्टार के ऐप और वेबसाइट दोनों पर ले सकते हैं।
CSK vs DC संभावित प्लेइंग XI
- चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, खलील अहमद, अंशुल कंबोज।
- दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, करुण नायर, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, विप्रज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन।
