नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2025 के लिए चयन समिति ने 25 नाम तय कर लिए हैं। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, हॉकी खिलाड़ी हार्दिक सिंह को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड देने की सिफारिश की गई है। यह देश का सबसे बड़ा खेल सम्मान है। हार्दिक ने टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भारत की ब्रॉन्ज जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
भारत के दूसरे सबसे बड़े खेल सम्मान अर्जुन अवॉर्ड के लिए 24 खिलाड़ी नॉमिनेट हुए हैं। इसमें हॉकी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, चेस, जिम्नास्टिक, शूटिंग, कबड्डी, बैटमिंटन, रोइंग और खो-खो के खिलाड़ी हैं। यहां तक कि योगासन प्लेयर आरती पाल को भी अर्जुन अवॉर्ड देने की सिफारिश की गई है। योगासन को 5 साल पहले ही खेल मंत्रालय से मान्यता मिली है। वहीं लगातार दूसरे साल नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स के लिए किसी क्रिकेटर का नाम आगे नहीं बढ़ाया गया है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं गुजरात के विशाल जायसवाल, जिन्होंने विराट कोहली को शतक बनाने से रोक दिया?
क्रिकेट में 3-3 ICC ट्रॉफी जीता भारत
भारतीय क्रिकेट के लिए पिछले कुछ महीने बेहद सफल रहे हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया 2024 टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनी। इसके बाद भारतीय टीम ने इस साल मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। फिर सितंबर में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीता। दूसरी तरफ हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में महिला टीम वर्ल्ड चैंपियन बनी। भारतीय महिला टीम की यह पहली पहली ICC ट्रॉफी रही।
पिछले 18 महीने में 3-3 ICC ट्रॉफी जीतने के बावजूद किसी क्रिकेटर को अर्जुन अवॉर्ड के लिए भी नहीं नॉमिनेट किया जाना लोगों को हैरान कर रहा है। आखिरी बार किसी क्रिकेटर को अर्जुन अवॉर्ड 2023 में मिला था, तब मोहम्मद शमी राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुए थे। बता दें कि अभी तक 5 क्रिकेटर्स खेल रत्न से सम्मानित हो चुके हैं। वहीं 50 से ज्यादा क्रिकेट खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड मिला है।
यह भी पढ़ें: बैजबॉल के मसीहा ऑस्ट्रेलिया में फुस्स, गेंदबाजों से भी बुरा हुआ हाल
क्रिकेटर्स को किया गया नजरअंदाज?
नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स के लिए लगातार दूसरे साल क्रिकेटर्स के नाम की सिफारिश नहीं किया जाने से पहली नजर में लग सकता है कि उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। चयन समिति में शामिल इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) के उपाध्याक्ष गगन नारंग, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी अपर्णा पोपट और पूर्व हॉकी खिलाड़ी एमएम सोमैया पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं लेकिन नियमों को देखें तो वे मजबूर हैं।
अर्जुन अवॉर्ड उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने पिछले 4 साल में इंटरनेशनल लेवल पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किए हों। साथ ही अनुशासन, लीडरशिप और खेल भावना दिखाया हो। इस कसौटी पर जो भारतीय क्रिकेटर उतरते हैं, उन्हें पहले ही अर्जुन अवॉर्ड मिल चुका है और नियमों के मुताबिक, यह अवॉर्ड दोबारा नहीं दिया जा सकता।
खेल रत्न की बात करें तो विराट कोहली और रोहित शर्मा को यह अवॉर्ड काफी पहले मिल चुका है। महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को मिताली राज की तरह इस अवॉर्ड से सम्मानित करने के लिए नॉमिनेट किया जा सकता था। खेलों में हरमनप्रीत के योगदान को देखते हुए शायद चयन समिति उनके नाम की सिफारिश भविष्य में करेगी।
खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित होने वाले क्रिकेटर
- सचिन तेंदुलकर (1997-98)
- महेंद्र सिंह धोनी (2007)
- विराट कोहली (2018)
- रोहित शर्मा (2020)
- मिताली राज (2021)
अर्जुन अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट हुए खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट: तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), प्रियंका (एथलेटिक्स), नरेंद्र (मुक्केबाजी), विदित गुजराती (चेस), दिव्या देशमुख (चेस), धनुष श्रीकांत (Deaf शूटिंग), प्रणति नायक (जिमनास्टिक), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), निर्मला भाटी (खो-खो), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा-शूटिंग), एकता भ्याण (पैरा-एथलेटिक्स), पद्मनाभ सिंह (पोलो), अरविंद सिंह (रोइंग), अखिल श्योराण (शूटिंग), मेहुली घोष (शूटिंग), सुतीर्था मुखर्जी (टेबल टेनिस), सोनम मलिक (कुश्ती), आरती (योग), त्रिसा जॉली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), लालरेम्सियामी हमार जोटे (हॉकी), मोहम्मद अफसल (एथलेटिक्स), पूजा (कबड्डी)।
