पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप में खेलने पर सस्पेंस बरकरार रखा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ने 24 जनवरी को कहा था कि सरकार ने मना किया तो हम नहीं खेलेंगे। बांग्लादेश को टूर्नामेंट से निकाले जाने के ऑफिशियल ऐलान के तुरंत बाद नकवी ने मीडिया के सामने आकर कहा कि उसके साथ गलत हुआ है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) 'डबल स्टैंडर्ड' दिखा रहा है। एक देश (भारत) को मनमानी करने की छूट नहीं दी जा सकती।

 

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर नकवी का कहना था कि सरकार अंतिम फैसला लेगी। PCB के चीफ ने कहा था, 'प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ इस समय पाकिस्तान में नहीं हैं। उनके लौटने के बाद ही मैं अपना अंतिम फैसला बताऊंगा।' नकवी के इस बयान के एक दिन बाद ही पाकिस्तान ने अपने टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड का ऐलान कर दिया। समझा गया कि ICC के कड़े प्रतिबंधों से बचने के लिए पाकिस्तान ने अपना मन बदल लिया है लेकिन नकवी ने सोमवार (26 जनवरी) को अपने बयान से फिर से सस्पेंस बढ़ा दिया।

 

यह भी पढ़ें: 'तुमसे हो पाएगा?' ताबड़तोड़ बैटिंग करने वाले अभिषेक शर्मा को युवराज का चैलेंज

शाहबाज शरीफ से मिले नकवी

PCB चीफ ने सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात की। नवकी ने इस मुलाकात की तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि आखिरी फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा। नकवी ने अपने पोस्ट में लिखा, 'प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ मेरी एक अच्छी मीटिंग हुई। मैंने उन्हें ICC के मुद्दे पर जानकारी दी और उन्होंने हमें सभी ऑप्शन खुले रखने और इसे सुलझाने का निर्देश दिया। हम इस बात पर सहमत हुए कि आखिरी फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा।'

 

यह भी पढ़ें: मोहाली में स्टेडियम... भारतीय क्रिकेट को बनाया ताकतवर, कौन थे आईएस बिंद्रा?

 

सभी ऑप्शन खुले रखने का मतलब?

पाकिस्तान ने नई चाल पर काम कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह पूरे टी20 वर्ल्ड कप का बायकॉट नहीं करेगा। पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत से होने वाले मैच में खेलने से इनकार कर सकता है। किसी भी ICC इवेंट में भारत-पाकिस्तान मैच से ही सबसे ज्यादा कमाई होती है। जानकारों के मुताबिक, पाकिस्तान ने भारत और ICC को फाइनेंशियल झटका देने के लिए यह प्लान अपनाने पर विचार कर रहा है। नकवी के ट्वीट में सभी ऑप्शन खुले रखने का जिक्र इसी ओर इशारा कर रहा है।