ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 की सह-मेजबान श्रीलंकाई टीम ने भी अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया है। श्रीलंका ने रविवार (8 फरवरी) को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के छठे मुकाबले में आयरलैंड को 20 रन से हरा दिया। उसने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 6 विकेट के नुकसान पर 163 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसमें कामिंदु मेंडिस का बड़ा योगदान रहा। कामिंदु ने महज 19 गेंद में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए, जिससे श्रीलंका चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंच सका। विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने 43 गेंद में नाबाद 56 रन को योगदान दिया।  

 

164 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम ने 14 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 104 रन बना लिए थे। उसे जीत के लिए आखिरी 6 ओवर में 61 रन बनाने थे। 8 विकेट हाथ में रहते हुए आयरिश टीम जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी लेकिन वनिंदु हसरंगा ने 15वें ओवर में लॉर्कन टकर (21) का विकेट लेकर उसकी गाड़ी पटरी से उतार दी। अगले ओवर में महीश थीक्षना ने हैरी टेक्टर (40) को चलता कर दिया। यहीं से मुकाबला श्रीलंका के पक्ष में झुक गया। आयरिश टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती गई और 19.5 ओवर में 143 रन पर ही सिमट गई।

 

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप में छोटी टीमों से कब-कब हारा है इंग्लैंड? नेपाल से बाल-बाल बचा

हसरंगा-थीक्षना को 3-3 विकेट

चोटिल होने के बावजूद हसरंगा ने कातिलाना गेंदबाजी की और 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके। थीक्षना ने भी अपनी फिरकी का कमाल दिखाया और 4 ओवर में सिर्फ 23 रन खर्चेते हुए 3 आयरिश बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। हसरंगा-थीक्षना ने ही श्रीलंका को शुरुआती सफलता दिलाई थी। इस दिग्गज स्पिन जोड़ी के अलावा युवा स्पिनर दुनिथ वेल्लालगे ने भी अच्छी गेंदबाजी की। वेल्लालगे ने 4 ओवर में 28 रन देकर 1 विकेट लिया। मथीशा पथिराना के खाते में 2 विकेट, जबकि दुष्मंता चमीरा को एक सफलता मिली।

 

यह भी पढ़ें: आखिर झुक ही गया पाकिस्तान, भारत के साथ खेलने के लिए हुआ तैयार!

 

रॉस अडायर कुछ देर और टिक जाते...

आयरलैंड की ओर से रॉस अडायर ने बेहतीरन इंटेंट दिखाया। उन्होंने 23 गेंद में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 34 रन बनाए। कप्तान पॉल स्टर्लिंग 13 गेंद में 6 रन ही बना सके थे। रॉय अडायर ने तेजी से रन जुटाकर उनकी भरपाई की। हसरंगा ने इस खतरनाक बल्लेबाज का विकेट झटक श्रीलंका को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद टकर और टैक्टर की भी जोड़ी को हसरंगा ने ही तोड़ा।