पैरालंपिक गेम्स में दो बार गोल्ड मेडल जीत चुके जैवलिन थ्रोअर सुमित अंतिल ने एक बार फिर कमाल किया है। सुमित ने वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां पी में भी गोल्ड मेडल जीत लिया है। उन्होंने 69.25 मीटर का थ्रो किया। नई दिल्ली में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में गुरुवार (12 मार्च) को सबकी निगाहें जैवलिन थ्रो इवेंट (F43/F44/F64) पर थी। सुमित ने F64 कैटेगरी में पहला स्थान हासिल कर भारतीय चुनौती की अगुवाई की। पुष्पेंद्र सिंह ने 56.91 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर, जबकि पूनम राम ने 49.48 मीटर के प्रयास के साथ बॉन्ज जीता।

ऐसे थ्रो की उम्मीद नहीं थी - सुमित अंतिल

हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले 27 साल के सुमित तीन बार वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी गोल्ड जीत चुके हैं। उन्होंने वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां पी में गोल्ड जीतने के बाद बताया कि उन्होंने कम ही दूरी के थ्रो की उम्मीद की थी। सुमित ने कहा, 'इस बार कई सारे टूर्नामेंट हैं। मैं आने वाली प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। यह मेरे लिए ऑफ सीजन तैयारी का फेज है। मुझे ऐसे थ्रो की उम्मीद नहीं थी। मुझे लगभग 67-68 मीटर की उम्मीद थी लेकिन आज का थ्रो 69.25 मीटर का था, जो बहुत अच्छा था। इसलिए मैं खुश हूं और मेरी टीम भी खुश है।'

 

यह भी पढ़ें: काव्या मारन ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदा, ऑक्शन में खर्च की बड़ी रकम

 

सुमित ने आगे कहा, 'मैं अपनी तकनीक नहीं बदल रहा हूं, क्योंकि हम जानते हैं कि हम अपने प्रशिक्षण में सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अभी हमें बस ऐसी परिस्थितियों की जरूरत है जहां थ्रो बिल्कुल सही जगह पर गिरे। इसीलिए मैं टूर्नामेंट में भाग ले रहा हूं ताकि मुझे कहीं न कहीं वो परिस्थितियां मिल सकें।'

 

सुमित अंतिल ने कहा कि अब उनकी नजर इस साल के अंत में जापान में होने वाले एशियन पैरा गेम्स पर है, जहां उनका टारगेट 75 मीटर का आंकड़ा पार करना है। सुमित ने कहा, 'मैं एशियन गेम्स को अपना टारगेट बना रहा हूं और मेरा गोल 75 मीटर है। मैंने प्रैक्टिस में अभी तक इसे हासिल नहीं किया है। यहां तक कि किसी भी एथलीट ने इस आंकड़े को पार नहीं किया है लेकिन मैं तकनीक और ताकत में जो भी सुधार संभव है, उस पर काम कर रहा हूं ताकि उस टारेगट तक पहुंच सकूं।'

 

यह भी पढ़ें: 'गोली मार दो उसे...' बांग्लादेश से हार के बाद पाकिस्तानी दिग्गज ने खोया आपा

इन खेलों में भी आया गोल्ड

भारत मेंस 400 मीटर T13 इवेंट में भी दबदबा बनाया, जिसमें सुबोध भट्ट ने 51.88 सेकंड में गोल्ड जीता। उनके बाद प्रियांशु कौशिक (53.19 सेकंड) और अवनिल कुमार (56.91 सेकंड) रहे। मेंस 400 मीटर T46-T47 इवेंट में भाविककुमार दीन भरवाड़ ने 49.89 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि साथी भारतीय जसबीर 50.09 सेकंड के साथ सिल्वर जीतने में उनके ठीक पीछे रहे। सर्बिया के इवान क्वेतकोविक ने 50.93 सेकंड के साथ ब्रॉन्ज जीता। भारत ने मेंस 400 मीटर T53-T54 इवेंट की व्हीलचेयर कैटेगरी में भी अपना दबदबा बनाए रखा, जिसमें मनोजकुमार सबपति ने 54.33 सेकंड में गोल्ड, अनिल कुमार ने 57.57 सेकंड में सिल्वर और मणिकंदन जोथी ने 1:01.94 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।